छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

भाजपा के हिंदुत्व को राम के जरिए कांग्रेस देगी जवाब… छत्तीसगढ़ में नौ स्थानों पर लगाई जाएंगी राम की मूर्तियां, कौशल्या महोत्सव शुरू किया…

विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हाेने के पहले छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने भाजपा के हिंदुत्व कार्ड का जवाब देना शुरू कर दिया है। भाजपा से श्रीराम का मुद्दा छीनने के लिए कांग्रेस सरकार ने यहां पर रामवनगमन पथ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का बड़ा अभियान हाथ में लिया है।

रायपुर के निकट माता कौशल्या की जन्मस्थली चंदखुरी में तीन दिन का कौशल्या महोत्सव मनाया। इसके अलावा रामवनगमन पथ के नौ स्थानों पर श्रीराम की आदमकद मूर्तियां लगाई जाएंगी। इनमें से चंदखुरी,राजिम और शिवरीनारायण में आदमकद मूर्तियां लगाई जा चुकी हैं। यह कहा जा रहा है कि भाजपा के कट्‌टर हिंदुत्व के जवाब में कांग्रेस का यह पलटवार है। देेश के अन्य प्रांतों की तरह यहां पर कांग्रेस सरकार भाजपा को हिंदुत्व के मामले में एकतरफा बढ़त नहीं लेने देना चाहती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए अगले तीन महीने में राज्य सरकार रामवनगमन पथ का काम पूरा कर लेगी।

मूर्तियां लगाने के लिए जिन स्थानों का चयन किया गया है वे हैं-सीतामढ़ी हरचौका (कोरिया), शिवरीनारायण, रामगढ़, तुरतुरिया, राजिम, सिहावा सप्तऋषि आश्रम, जगदलपुर और सुकमा का रामाराम। इन स्थानों पर 25-25 फीट की मूर्तियां लगाई जाएंगी। इनका प्लेटफार्म 16 फीट ऊंचा होगा। इस तरह एक मूर्ति की ऊंचाई 41 फीट की होगी। चंदखुरी की मूर्ति 51 फीट की है। इसके अलावा रामवनगमन पथ के 2260 किलोमीटर के नौ प्रमुख स्थानों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन स्थानों पर प्लांटेशन करने के साथ ही लाइटिंग भी की जाएगी। चंदखुरी में लाइट एंड साउंड सिस्टम का काम पूरा हो चुका है। चंदखुरी में ही भव्य उद्यान भी बनाया जाएगा। चंपारण, रामगढ़ और सीतामढ़ी को अगले महीने तक विकसित कर लिया जाएगा।

दरअसल, भाजपा जिन मामलों को लेकर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करती रही है, उनमें सबसे अहम मुद्दा था हिंदुओं के प्रति उदासीन रवैया। इस आरोप के काट में ही भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में राम के नाम पर बड़ा काम हाथ में लिया है। इसको प्रमाणित करने के लिए पिछले दिनों जब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत रायपुर आए थे तब कांग्रेस की ओर से उन्हें निमंत्रण भेजा गया था कि आएं और देखें कि किस तरह राज्य की कांग्रेस सरकार ने कौशल्या मंदिर का कायाकल्प कर दिया है। भूपेश बघेल के निमंत्रण पर बाद में मोहन भागवत ने कौशल्या मंदिर जाकर वहां का कामकाज भी देखा था।

रामवनगमन पथ पर 162 करोड़ रुपए खर्च करेगी राज्य सरकार
रामवनगमन पथ को पर्यटन स्थल के रुप में तैयार करने के लिए 162 करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है। इसके तहत राम की मूर्तियां लगाने से लेकर नौ स्थानों के साैंदर्यीकरण का काम किया जाएगा। वैसे सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस काम में और पैसे की जरूरत होगी तो आवश्यकतानुसार बजट दिया जाएगा।

भाजपा राम के नाम पर सिर्फ राजनीति करती है, कथनी-करनी में अंतर:सीएम
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने राम के नाम पर केवल राजनीति की है। भाजपा राम के नाम का इस्तेमाल केवल वोट बैंक के लिए करती रही है। 15 साल छत्तीसगढ़ में सरकार चलाने के बाद भी भाजपा ने कुछ नहीं किया। दूसरी हमारी सरकार ने वास्तव में राम के लिए काम करके दिखाया है। करनी और कथनी में अंतर को इससे समझा जा सकता है।

राम हमारे लिए आस्था का विषय हैं : अरुण साव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस के राम और हमारे राम में अंतर है। राम हमारे लिए आस्था का केंद्र हैं। चुनाव को देखते हुए कांग्रेस राम के नाम का इस्तेमाल कर रही है। यह कांग्रेस की पृष्ठभूमि के विपरीत काम हो रहा है।

Back to top button
close