Breaking Newsछत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

भाजपा का मिशन 2023 शुरू… राज्य सरकार को धान, किसान और विफलता पर घेरेंगे…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सत्ता जाने के दो साल बाद अब भाजपा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने के लिए प्रशिक्षण देने जा रही है। मिशन 2023 को देखते हुए प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मंडल स्तर के पदाधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने पदाधिकारियों में उत्साह भरते हुए कहा कि हमारे सामने बड़ी चुनौती 2023 में आने वाली है।

हमे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनानी है और हम किसी भी प्रकार की चुनौतियों का सामना करते हुए सरकार बनाकर ही दम लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने राज्य सरकार की असफलताओं को उजागर किया और कहा कि छत्तीसगढ़ सिर्फ छला नहीं, ठगा गया है। हम सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, सेवा के लिए कार्य करते हैं। सत्ता परिवर्तन सब चाहते हैं, लेकिन हमें व्यवस्था परिवर्तन के साथ-साथ राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करना है।



कार्यशाला में कांग्रेस सरकार को धान, किसान और असफलताओं को लेकर घेरने की रणनीति बनी। विष्णुदेव साय कहा कि सरकार की विफलताओं को उठाना हैं और सोई सरकार को जगाना हैं। प्रदेश के किसान परेशान हैं, धान कटाई के बाद किसानों के सामने धान को संग्रहित करने का संकट हैं।

भाजपा एक नवंबर से धान खरीदी की मांग करती रही हैं, कांग्रेस विपक्ष में रहते एक नवंबर से धान खरीदी की पैरवी करते रही है। डा. रमन सिंह ने कहा कि 50 हजार का स्मार्ट कार्ड छीन लिया, 2500 का बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया। सीमेंट के मूल्य में रेत के मूल्य में वृद्घि कैसे हो गई। छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जिसने एक रुपये में चावल दिया, नमक दिया।

केंद्र सरकार की अनेक योजना छत्तीसगढ़ के हित में चल रही थी, सब बंद और ठप हो गई। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य दिया, कांग्रेस ने क्या किया और वर्तमान में क्या कर रही है। इस बात की चर्चा कार्यकर्ताओं को प्रदेश के गांवों-गांवों, घर-घर तक लेकर जाना है।

श्यामा प्रसाद, दीनदयाल और अटल के योगदान को किया याद
कार्यशाला में रमन सिंह ने जनसंघ के संस्थापक श्याम प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। कश्मीर को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की असफलता का जिक्र और श्याम प्रसाद मुखर्जी के संघर्ष की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं का जनसंघ से लेकर भाजपा तक, राम मंदिर निर्माण, धारा 370, 35ए जैसे संघर्ष की लंबी गाथा जुड़ी हैं। कल क्या परिस्थिति आएगी, उसके लिए हमे तैयार रहना हैं।



कौशिक ने बताया भाजपा का इतिहास और विकास
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि कर्मयोगी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रवाद के विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया है। एक समय हम केवल दो सीटों पर निर्वाचित हुए थे, लेकिन अब हम 303 के विशाल जनमत के साथ राष्ट्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। कई प्रदेशों में हमारी सरकारें हैं, कर्मयोगी कार्यकर्ताओं की वजह से हम शून्य से शिखर तक पहुंचे हैं।

पवन-रामप्रताप ने दी संगठन की शक्ति की जानकारी
पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि सांगठनिक शक्ति के माध्यम से हम एक वैचारिक अनुष्ठान में कार्यकर्ता भाव से जुटे हुए हैं। संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। इस दौरान दीपक पटेल, सच्चिदानंद उपासने, मोतीलाल साहू, श्यामबिहारी जायसवाल, संजय पांडेय, प्रशांत ठाकुर, अनिल केशरवानी सहित अन्य मौजूद थे।

Back to top button
close