बलरामपुर: जिला कार्यालय में पदस्थ अपर कलेक्टर विजय कुमार कुजूर (राज्य प्रशासनिक सेवा) 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो गए। अपर कलेक्टर विजय कुमार कुजूर को कलेक्टर कार्यालय द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए किसी भी प्रकार के विदाई समारोह का आयोजन नहीं किया गया।
कलेक्टर श्याम धावड़े ने शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर अपर कलेक्टर कुजूर के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए अपना शुभकामना संदेश प्रेषित किया। अपने संदेश में कलेक्टर धावड़े ने कहा कि कुजूर अपनी दक्षता, कार्यकुशलता व अनुशासन के लिए सदैव याद किए जाएंगे।
कुजूर की राजस्व के अलावा विभिन्न विभागों से सामंजस्य व समन्वय स्थापित कर सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में सराहनीय भूमिका रही। डिप्टी कलेक्टर प्रवेश पैंकरा, विवेक चन्द्रा द्वारा भी अपर कलेक्टर कुजूर को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर विजय कुमार विजय कुजूर ने शासकीय सेवाकाल के कुछ महत्वपूर्ण पलों को याद करते हुए अपने अनुभव साझा किये। कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी कुजूर के साथ अपने अनुभवों के बारे में बताया तथा उनके सुखद, स्वस्थ जीवन व उज्जवल भविष्य की कामना की। कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह तथा शाल-श्रीफल उपहार स्वरूप भेंट किया गया।
उल्लेखनीय है कि सौम्य व सरल व्यक्तित्व के धनी अपर कलेक्टर विजय कुमार कुजूर ने लगभग 37 साल की शासकीय सेवा देने के उपरांत 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनकी नियुक्ति तत्कालीन मध्यप्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा में चयनित होने के बाद वर्ष 1984 से सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख के तौर पर वर्तमान छत्तीसगढ़ के पिथौरा में हुई थी।
इसके उपरांत 1993 से 1998 तक सहायक बन्दोबस्त अधिकारी के रूप में जिला सरगुजा तथा 1998 से 2008 तक जिला जांजगीर-चांपा में उन्होंने अपनी सेवाएं दी। तत्पश्चात श्री कुजूर ने बतौर डिप्टी कलेक्टर दन्तेवाड़ा जिले में अपनी सेवाएं दी तथा संयुक्त कलेक्टर के रूप में जशपुर जिले में लगभग 3 साल सेवा देने के उपरांत जनवरी 2018 से बलरामपुर-रामानुजगंज में अपर कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
Add Comment