छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

मंत्री अकबर को दिखाए काले झंडे… ​​​​​​​कवर्धा में BJP-VHP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, लगाए ‘मोहम्मद अकबर गो बैक’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे…

कवर्धा में हुई हिंसा के बाद सियासत गरमाने लगी है। भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी ने इसे और हवा दी है। सोमवार को दौरे पर पहुंचे मंत्री मोहम्मद अकबर को भाजपा और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने काले और भगवा झंडे दिखाए। सड़क किनारे खड़े इन कार्यकर्ताओं ने मोहम्मद अकबर गो बैक और जय श्रीराम के नारे भी लगाए। मंत्री अकबर जिले में भागवत यज्ञ में शामिल हुए। इसके बाद हिताग्राहियों को चेक वितरण करेंगे।

शहर में झंडे को लेकर हुई हिंसा के बाद पहली बार स्थानीय विधायक और प्रदेश के मंत्री मो. अकबर ग्रामीण इलाकों के दौरे पर हैं। वह सोमवार को सड़क मार्ग से करीब 300 गाड़ियों के काफिले के साथ कवर्धा पहुंचे। इस दौरान उन्हें स्वागत के साथ ही विरोध का भी सामना करना पड़ा। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जहां उन्हें माला पहनाई और जिंदाबाद के नारे लगाए। वहीं भाजपा और VHP कार्यकर्ता हाथ में ‘प्रवेश निषेध’ का बैनर लिए खड़े रहे।

BJP-VHP कार्यकर्ता हाथों में भगवा ध्वज के साथ काले झंडे भी लिए थे। उनके विरोध को देखते हुए पुलिस ने पहले ही बैरिकेडिंग कर रखी थी। वहीं काले झंडे भी छीनने का प्रयास किया। जैसे ही मंत्री का काफिला मेन रोड से निकला हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए। इससे अलग कैबिनेट मंत्री का अगरी, दशरंगपुर, इंदौरी, बिरकोना में लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें शिकायती पत्र भी सौंपे।

विधवा महिला हिताग्राहियों को करेंगे चेक का वितरण
कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर जिले के कुसुमघटा में आयोजित श्रीमद भागवत कथा यज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख समृद्धि और विकास के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद वे शहर के लिए रवाना हो गए। यहां वे जिलाध्यक्ष कार्यालय में विधवा महिला हितग्राहियों को चेक का वितरण करेंगे। इसके बाद नैना मोटर्स में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद वापस बेमेतरा होते हुए रायपुर के लिए रवाना होंगे।

भाजपा नेताओं की जमानत पर सुनवाई टली
वहीं दूसरी ओर गिरफ्तार किए गए भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी पर सुनवाई टल गई है। सोमवार को उनकी जमानत पर सुनवाई होनी थी। वकील हीरा ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने केस डायरी पेश नहीं की। अब मंगलवार को सुनवाई होगी। कवर्धा हिंसा मामले में BJP प्रदेश मंत्री विजय शर्मा सहित 5 नेताओं ने शुक्रवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद देर रात करीब डेढ़ बजे विजय शर्मा को रायपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया है।

Back to top button
close