मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर का मुंबई में मरीन लाइंस के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। दोपहर 3.45 बजे उनका पार्थिव शरीर श्मशान घाट लाया गया था।
जिसके बाद श्मशान घाट में विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया। श्मशान घाट में शव लाने के बाद करीब आधे घंटे के अंदर ही ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
दो साल तक कैंसर से लड़ाई लडऩे के बाद बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर का आज निधन हो गया। मुंबई के गिरगांव इलाके में स्थित सर एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में ऋषि कपूर ने आज सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर आखिरी सांस ली।
ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार विद्युत शवदाह गृह में किया गया। लॉकडाउन की वजह से सिर्फ चुनिंदा लोगों को ही अंतिम संस्कार में शामिल होने की इजाजत दी गई थी।
अंतिम संस्कार के दौरान मुंबई पुलिस ने नीतू कपूर, रीमा जैन, मनोज जैन, अरमान जैन, आदर जैन, अनीषा जैन, राजीव कपूर, रणधीर कपूर, सैफ अली खान, करीना कपूर खान, बिमल पारिख, नताशा नंदन, अभिषेक बच्चन, डॉक्टर तरंग, आलिया भट्ट, अयान मुखर्जी, जय राम, रोहित धवन, राहुल रवैल को मौजूद रहने की इजाजत दी थी।
बेटी रिद्धिमा को जारी किया गया पास
ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा को दिल्ली पुलिस ने मूवमेंट पास दिया था। रिद्धिमा को मुंबई जाने के लिए दिल्ली पुलिस ने परमिशन दी थी।
ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साउथ ईस्ट दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी ईस्ट में रहती हैं। दिल्ली पुलिस ने उनको मुंबई जाने का मूवमेंट पास जारी किया था।
सुबह 10.30 बजे 5 लोगों के लिए पास जारी किया गया। हालांकि रिद्धिमा ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच पाई।
अस्पताल पहुंचीं आलिया और करीना
ऋषि कपूर का अंतिम दर्शन करने के लिए बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट अस्पताल पहुंचीं थी. इसके अलावा करीना कपूर अपने पति सैफ अली खान के साथ पहुंचीं. बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन भी अस्पताल पहुंचे थे और मुलाकात करने के बाद निकल गए थे।
अस्पताल पहुंचे थे फैन, पुलिस ने लौटाया
ऋषि के निधन की खबर पाकर कुछ फैंस अस्पताल के बाहर पहुंच गए थे। इसके बाद मुंबई पुलिस ने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने और घर जाने की अपील की।
अस्पताल के सामने 100 मीटर तक सड़क खाली करा ली गई थी। साथ ही किसी को अस्पताल में जाने की इजाजत नहीं दी गई।
बॉलीवुड ने 22 घंटे के अंदर दो महान सितारे खो दिए
ऋषि कपूर के निधन के बाद बॉलीवुड में शोक की लहर है और फैंस मायूस हैं। लॉकडाउन की वजह से बॉलीवुड हस्तियां अपने चहेते एक्टर ऋषि कपूर का आखिरी दर्शन भी नहीं कर पाए।
ऋषि कपूर के निधन की सबसे पहली खबर महानायक अमिताभ बच्चन ने शेयर की थी। उन्होंने कहा था वो गए। ऋषि कपूर गए। अभी उनका निधन हुआ। मैं टूट गया हूं।
Add Comment