छत्तीसगढ़स्लाइडर

लगातार गिर रहा पारा, पर शीतलहर की स्थिति नहीं… उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा… 2-3 दिनों में बढ़ेगी ठंड, तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आएगी…

उत्तर भारत से छत्तीसगढ़ में बर्फीली हवा आनी शुरू हो गई है। इससे प्रदेश का मौसम और सर्द होगा। अगले दो-तीन दिनों में रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आएगी। दो दिनों की बारिश के बाद मौसम शुष्क हो गया। कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, लेकिन अभी शीतलहर की स्थिति नहीं है। सुबह मध्यम से घना कोहरा जरूर छा रहा है।

इधर, राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी हुई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री रहा, जो शुक्रवार की तुलना में 0.8 डिग्री ज्यादा है। यह सामान्य से एक डिग्री ही अधिक है। दिन का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से अभी भी 4 डिग्री कम है। रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में गुरुवार से बारिश थम गई है। उसी के बाद से प्रदेश के पहाड़ी व मैदानी इलाकों में ठंड की वापसी हो गई है।

मैदानी इलाकों से ज्यादा ठंड पहाड़ी क्षेत्रों में पड़ रही है। प्रदेश में फिलहाल अंबिकापुर में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। यहां का तापमान 7.2 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम है। तापमान कम होने के बावजूद यहां शीतलहर नहीं चल रही है। यह तापमान सामान्य से केवल एक डिग्री कम है। तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम होने पर ही शीतलहर की स्थिति पैदा होती है। अमूमन ठंडा रहने वाले पेंड्रारोड में दिन का तापमान 9.1 डिग्री रहा। बाकी स्थानों में तापमान 10 डिग्री से ज्यादा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को प्रदेश के सभी इलाकों में रात का तापमान गिरेगा। इससे ठंड बढ़ेगी। आसमान साफ रहेगा। दिन के तापमान हल्का बढ़ेगा, लेकिन रात के तापमान में कमी आएगी।

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home/gaganmittal/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471