
Raipur Murder : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बदमाशों के हौसंले बुलंद है. पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास रविवार रात युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घनी आबादी वाले इलाके में वारदात से हड़कंप मच गया. दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर युवक को मौत के घाट उतार दिया.
मस्जिद के पास देर रात खूनी वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना अश्वनी नगर इलाके के गौसिया मस्जिद के पास रात करीब 11 बजे की है. दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से युवक पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपियों और युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इस दौरान युवक ने बचने के लिए एक्टिवा से भागने का प्रयास किया. स्कूटी नाली में फंसने के बाद युवक सड़क पर गिर गया, पीछा कर रहे बदमाशों ने फिर ताबड़तोड़ वार कर दिया. मृतक की पहचान डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान के रूप में हुई है. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए.
घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. लहूलुहान युवक को एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
हिरासत में 4 नाबालिग
पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली है. वारदात के बाद रात में ही आरोपी ट्रेन से भागने के फिराक में होने की सूचना मिली. आरपीएफ के समन्वय से हत्याकांड के तीन नाबालिग को बिलासपुर और एक नाबालिग को रायपुर से हिरासत में लिया गया है. फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है.
आपसी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है. यह भी पता चला की हत्या में शामिल एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से छूटकर बाहर आया था. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.


