8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की दुकानें रहेंगी बंद:होटलों में भी नहीं मिलेगा नॉनवेज, बिक्री करते मिले तो होगी कार्रवाई

महावीर निर्वाण दिवस के मौके पर रविवार 8 नवंबर को रायपुर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। इस दिन सभी मांस-मटन की दुकानों और पशुवध गृहों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। होटलों में भी मांस-मटन बेचने पर रोक रहेगी। नियम का उल्लंघन करने पर मांस-मटन जब्त कर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने यह निर्देश जारी किया है। महापौर मीनल चौबे ने भी प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
निगम की टीमें करेंगी निगरानी
प्रतिबंध का पालन कराने के लिए नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में मांस-मटन की दुकानों की निगरानी करेंगे। इस दौरान वे यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिबंध वाले दिन कोई दुकान न खुले और मांस-मटन की बिक्री भी न हो।
होटल में बिक्री करते मिले तो होगी कार्रवाई
महापौर के निर्देश पर होटलों में भी जांच की जाएगी। महावीर निर्वाण दिवस पर किसी होटल में मांस-मटन की बिक्री होते पाए जाने पर मौके पर ही सामान जब्त किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



