बस में सवारी बैठाने रंगदारी मांगी, मना करने पर पीटा:हिस्ट्रीशीटर ने बस रोककर यात्रियों के सामने थप्पड़ जड़ा; केस रफादफा करने का आरोप

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हिस्ट्रीशीटर ने बस एजेंट का काम करने वाले युवकों से गुंडागर्दी करते हुए मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि सवारी बैठाने को लेकर रंगदारी मांगी गई थी। मना करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह बस को रोककर यात्रियों के सामने एजेंट की पिटाई करता नजर आ रहा है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में सामान्य धाराओं के तहत कार्रवाई कर केस को रफादफा कर दिया। जबकि टीआई प्रदीप आर्य का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
सवारी बैठाने को लेकर रंगदारी की मांग
जानकारी के अनुसार, शरद कश्यप और सैफी गौरी बस एजेंट का काम करते हैं। दोनों मंगलवार (6 अक्टूबर) रात सीपत चौक के पास बस में सवारी बैठाने पहुंचे थे। इसी दौरान तिफरा निवासी हिस्ट्रीशीटर तारण निर्मलकर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए दोनों की जमकर पिटाई शुरू कर दी।
जान से मारने की धमकी भी दी
आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर ने जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही बिना रंगदारी दिए काम करने पर दोबारा मारपीट करने की चेतावनी दी। इस घटनाक्रम का बस में सवार एक यात्री ने वीडियो बनाया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आदतन अपराधी तारण निर्मलकर और उसके साथी शरद और सैफी पिटाई करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने लगाई सामान्य धारा
पीड़ित युवकों ने सरकंडा थाने में शिकायत की है। उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले में सामान्य धाराओं के तहत कार्रवाई कर केस को चलता कर दिया। इससे दोनों युवक दहशत में हैं।
बस ऑपरेटर्स से वसूलता है रंगदारी
तारण निर्मलकर हाईटेक बस स्टैंड में सक्रिय रहता है। आरोप है कि वह बस स्टैंड से गुजरने वाले बस ऑपरेटर्स से रंगदारी वसूलता है। साथ ही बस एजेंटों को अपने लिए काम करने की धमकी देकर गुंडागर्दी करता है और आए दिन मारपीट करता है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड के चलते बस ऑपरेटर और एजेंट उससे डरते हैं।
हत्या, गुंडागर्दी और नशा बेचने का धंधा
तिफरा निवासी तारण निर्मलकर आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के साथ ही गुंडागर्दी, मारपीट के कई केस दर्ज है। इसके साथ ही उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। जेल से जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से रंगदारी शुरू कर देता है।
थाना प्रभारी बोले- रंगदारी और मारपीट की शिकायत मिली
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि युवकों ने रंगदारी मांगने और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



