छत्तीसगढ़

बड़े ने छोटे भाई को कुल्हाड़ी से कटा डाला:सोते वक्त किया ताबड़तोड़ वार, दुर्ग में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद वारदात, च्वाइस सेंटर चलाते थे

दुर्ग के इंदिरा नगर बघेरा में बुधवार सुबह पैसों के लेनदेन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बड़े ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान कैलाश देवांगन (26) निवासी इंदिरा नगर बघेरा के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान उसके बड़े भाई देवेंद्र देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों का बघेरा इलाके में चॉइस सेंटर था।

नींद में कुल्हाड़ी से किया ताबड़तोड़ वार दोनों भाई च्वाइस सेंटर चलाते थे। दोनों के लिए अलग-अलग च्वाइस सेंटर था। एक पुराना और एक नया दुकान था। पुराना दुकान ज्यादा चलता था और नए दुकान में कम ग्राहक आते थे। ऐसे में पापा ने दोनों भाई के बीच न्याय करने के लिए तीन-तीन दिन दुकान पर बैठने को कहा था। ऐसे में छोटे भाई ने बड़े भाई से कहा कि जब मैं दुकान में बैठता हूं तब ज्यादा पैसा आता है, जब तुम बैठते हो तो कम पैसा आता है।

छोटे भाई ने बड़े भाई से जब हिसाब मांगा तो दोनों के बीच रात में विवाद हुआ था। इसी विवाद की वजह से सुबह-सुबह 5 बजे जब भाई गहरी नींद में सो रहा था उस वक्त बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर नींद में ही छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना के वक्त घर में दोनों भाईयों के अलावा माता-पिता मौजूद थे। पिता ने किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों से मदद मांगी और पुलिस को सूचना दी।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच सेंटर से होने वाले पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर बुधवार सुबह दोनों भाइयों के बीच फिर कहासुनी हो गई।इसी दौरान देवेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से कैलाश पर हमला कर दिया।

हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कैलाश की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद आरोपी को मौके से पकड़ा

कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम इंदिरा नगर बघेरा पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

वहीं आरोपी देवेंद्र देवांगन को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब दोनों भाइयों के बीच विवाद की पूरी वजह पता करने में जुटी है। पैसों के लेनदेन को लेकर किस बात पर विवाद शुरू हुआ और घटना के समय दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।

ई-साक्ष्य तैयार किए गए

पुलिस ने बताया कि मामले में आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए गए हैं और ई-साक्ष्य भी तैयार किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होगा। फिलहाल छोटे भाई की हत्या के मामले में बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोतवाली पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button