छत्तीसगढ़

शराब-घोटाले में रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का धरना:भूपेश बोले-अब हमें छेड़ोगे तो हम भी छोड़ेंगे नहीं; कहा-सरकार आई तो सबका हिसाब होगा

छत्तीसगढ़ के कथित 3400 करोड़ रुपए के शराब घोटाला मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की ED गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी प्रदर्शन में पहुंचे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस की सरकार दोबारा बनी तो सभी का हिसाब लिया जाएगा।

भूपेश बघेल ने मंच से कहा- अब हमें छेड़ोगे तो हम भी छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने ED के अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि उनका भी हिसाब-किताब रखा जा रहा है।

‘पिछली बार बदला नहीं लिया, अब सरकार आई तो सबका हिसाब होगा’

भूपेश बघेल ने कहा कि जब पिछली बार कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब उन्होंने 15 साल की रमन सरकार के दौरान हुए मामलों को लेकर बदले की राजनीति नहीं की।

उन्होंने कहा- पिछली बार हमारी सरकार आई थी, तब हमने 15 साल वाली रमन सरकार से कोई बदला नहीं लिया था। अबकी बार सरकार आने पर सबका हिसाब होगा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी तय किया है कि भाजपा के जो नेता भ्रष्टाचार में शामिल हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। बघेल ने कहा- जो-जो भाजपा नेता करप्शन में जुड़े हुए हैं, उन्हें हम छोड़ेंगे नहीं। एक-एक करके निकलेंगे और जेल भेजेंगे।

‘ED अफसरों का भी हिसाब-किताब रखा जा रहा’

ED की कार्रवाई को लेकर भूपेश बघेल ने जांच एजेंसी के अधिकारियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ED के अधिकारियों की भूमिका और उनके काम का भी हिसाब-किताब रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए ED जैसी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।

बघेल ने तंज कसते हुए कहा- “जब-जब मोदी डरता है, ED को आगे करता है।”

रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी का कांग्रेस कर रही विरोध

रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कर रही है।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button