पुलिस को चकमा देकर गांजा तस्करी का आरोपी फरार, SP ने ASI समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र से पुलिस की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी मेडिकल परीक्षण के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी पलाश गजभिए को कुछ दिन पहले गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत आरोपी को मेडिकल मुलाहिजा के लिए नगरी अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान आरोपी मौका पाकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया।
आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
मामले की समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एएसआई सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, हिमेश नेताम और डीगेश्वरी साहू को निलंबित कर दिया है।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।



