जगदलपुर। बस्तर सीट पर भाजपा व कांग्रेस के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने में आ रहा है। एक ओर जहां भाजपा प्रत्याशी बैदूराम ने अपनी संपत्ति करोड़ से अधिक बताई है, वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी दीपक बैज ने अपनी संपत्ति लाखों में बताई है। इस प्रकार संपत्ति के मामले में बैदूराम का वजन ज्यादा है।
उन्होंने अपनी संपत्ति एक करोड़ 67 लाख से अधिक की बताई है, वहीं दीपक बैज ने अपनी संपत्ति 56 लाख 31 हजार से अधिक की बताई है। इन दोनों प्रत्याशियों में से क्षेत्र में एक को करोड़पति और दूसरे को लखपति के नाम से संबोधित भी किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि दीपक बैज द्वारा प्रस्तुत किए गए संपत्ति के खुलाशे में कुल 56 लाख 31 हजार 673 रूपए की संपत्ति की घोषणा की गई है। इसके साथ ही उनकी पत्नी भी लखपति हैं, उनके पास 14 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति बताई गई है। यह भी इस संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य है कि विधानसभा चुनाव के बाद उनकी संपत्ति में 25 लाख रूपए से अधिक की बढ़ोत्तरी हो गई है।
इसी प्रकार भाजपा प्रत्याशी बैदूराम कश्यप के द्वारा घोषणा की गई है उनकी संपत्ति एक करोड़ 67 लाख 89 हजार है। उनकी पत्नी के नाम 11 लाख 46 हजार रूपए से अधिक की संपत्ति है। इसके अलावा एक लाख 30 हजार के हीरे तथा दो लाख 80 हजार रूपए के सोने के आभूषण हैं। इस प्रकार बस्तर संसदीय क्षेत्र में मुकाबला लखपति बनाम करोड़पति के बीच हो रहा है।
यह भी देखें :
Add Comment