रायपुर। राज्य में आगामी चौबीस घंटों के दौरान मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इधर हवा की दिशा में बदलाव आते ही प्रदेश भर में तापमान तेजी से बढऩे लगा है। इसके चलते अब रात के तापमान में भी वृद्धि हो रही है। वहीं दिन में सूरज की धूप अब चुभने लगी है।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो पश्चिमी मध्यप्रदेश और इसके आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में बना चक्रवात कमजोर हो गया है। इसके चलते इस सिस्टम का अब कोई खास फर्क प्रदेश के मौसम पर नहीं पड़ेगा।
इसके अलावा प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में कम ऊंचाई पर नमीयुक्त हवा आने का क्रम बना हुआ है। इसके असर से आने वाले 48 घंटों के बाद प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में एक-दो स्थानों पर तेज आंधी-तूफान चलने अथवा गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर प्रदेश के शेष इलाकों में मौसम का मिजाज अब शुष्क हो रहा है। हवा की दिशा में बदलाव आते ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख शहरों में तापमान तेजी से बढऩे लगा है। दिन में जहां सूरज की धूप अब असहनीय हो गई है तो वहीं न्यूनतम तापमान में लगातार हो रहे इजाफा से अब रात में भी गर्मी बढऩे लगी है।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमाान का आंकड़ा अभी से ही 34 डिग्री के पार हो गया है। ऐसे में इस वर्ष भीषण गर्मी के आसार अभी से दिख रहे हैं। राजधानी रायपुर में आज न्यूनतम तापमान का आंकड़ा भी 20 डिग्री के पार जाकर 22.2 डिग्री रिकार्ड किया गया है। इसी तरह अंबिकापुर में 17.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है। न्यायधानी बिलासपुर में 19.7 डिग्री, पेण्ड्रारोड में 19.1 डिग्री तथा वनांचल क्षेत्र जगदलपुर में 19.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है।
यह भी देखें :
Add Comment