शिकारी हो गया शिकार…बछड़े का पीछा करते तेंदुआ कुएं में गिरा…मौत…

गरियाबन्द। कहते हैं शिकारी का भी कभी शिकार हो जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ गरियाबंद के मैनपुर क्षेत्र में। यहां एक तेंदुए को गाय के बछड़े को शिकार के लिए दौड़ाना महंगा पड़ गया। बछड़ा जान बचाने भागते हुए कुएं में गिर गया। तेंदुआ भी कुछ समझ पाता उससे पहले वह भी कुएं में जा गिरा। कुएं में काफी पानी था और दोनों की डूबने से मौत हो गई।
मैनपुर वन परिक्षेत्र के दबनाई बिट अंतर्गत ग्राम परसदा के निवासी रोहित राम के घरेलू कुएं में आज सुबह गाय का बछड़ा और तेंदुए की लाश मिली। इसकी सूचना रोहित ने वन विभाग को दी। वन विभाग के वन मंडलाधिकारी, एसडीओ और रेंजर घटना स्थल पर पहुंचे और मृत बछड़े और तेंदुए को कुएं से निकलवाया और पंचनामा बनाकर कर पोस्टमार्टम के बाद अन्तिम संस्कार किया गया।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि तेंदुआ बछड़े का शिकार करने उसका पीछा करते हुए गांव तक आया होगा। इस दौरान बछड़ा और तेंदुआ कुएं में गिर गया होगा और पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई होगी।
यह भी देखें :
VIDEO: स्कूटी पर था कपल…बिना हेलमेट पहने लड़की को Traffic Police ने यूं सिखाया सबक…