
रायपुर/बिलासपुर। दोपहर 12 बजे तक मिले शुरूआती रूझानों के बाद कांग्रेस की स्थिति मजबूत दिख रही है। जैसे-जैसे कांग्रेस की बढ़त बढ़ती जा रही है भाजपा कार्यकर्ता निराश होते जा रहे हैं और वापस घर लौटते जा रहे हैं। रायपुर-बिलासपुर के भाजपा कार्यालय में सन्नाटा पसरता जा रहा है। वहीं कांग्रेस तफ्तर में सरगर्मी बढ़ गई है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में कुछ एक बड़े कार्यकर्ताओं को छोड़ कार्यालय परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। यहीं हालत बिलासपुर के भाजपा कार्यालय में भी देखा जा रहा है।
बिलासपुर संभाग के लगभग सभी विधानसभा सीटों पर मिले शुरूआती रूझानों के बाद कांग्रेस पार्टी बढ़त बनाई हुई है। बिलासपुर में सत्तारूढ़ भाजपा के कद्दावर मंत्री अमर अग्रवाल अपने निकटतम कांग्रेस के प्रतिद्वंदी शैलेष पांडेय से पीछे चल रहे हैं।
दोपहर 12 बजे तक मिले शुरूआती रूझानों के बाद कांग्रेस की स्थिति मजबूत होती दिख रही है। बस्तर संभाग के सभी 12 विधानसभा सीटों में कांग्रेस पार्टी 10 सीटों पर आगे चल रही है। रायपुर संभाग के 20 विधानसभा सीटों में कांग्रेस 16 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
दुर्ग संभाग के 20 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस यहां भी 16 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। सरगुजा संभाग के 14 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 9 सीटों पर आगे चल रही है तथा बिलासपुर संभाग के 24 विधानसभा सीटों में से 11 पर कांगे्रस बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा सात सीटों पर आगे निकलती नजर आ रही है तो वहीं जोगी कांग्रेस के पांच प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं।
यह भी देखे : क्या मध्यप्रदेश-राजस्थान में गेम पलट सकती है भाजपा…