सक्ती विधानसभा का अटल दूत प्रशिक्षण वर्ग को सीआईडीसी चेयरमेन ने किया संबोधित
रायपुर। आने वाले छत्तीसगढ़ राज्य के विधानसभा चुनाव में हम सभी को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 65 सीटों के साथ चौथी बार सरकार बनाना है। उक्त बातें आज शनिवार को स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शक्ति के सभागार में अटल दूत प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए शक्ति विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कारपोरेशन के चेयरमेन छगन मूंदड़ा ने कही।
इस अवसर पर श्री मूंदड़ा ने कहा कि आने वाले विधानसभा के चुनाव में बूथ स्तर पर पूरी तैयारी के साथ लडऩा है तथा बूथ हमारा है तो सरकार हमारी है। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल एवं शक्ति विधायक डॉक्टर खिलावन साहू ने कहा कि आने वाले चुनाव हम सभी के लिए महत्वपूर्ण है तथा पोलिंग बूथ पर हमारा कार्यकर्ता अगर तत्परता के साथ मतदान होने तक तैनात रहे तो हम सभी प्रदेश में रिकॉर्ड मतों के साथ चौथी बार सरकार बना पाएंगे कार्यक्रम को जिला भाजपा अध्यक्ष मेघाराम साहू एवं जिला भाजपा उपाध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल तथा पूर्व रायपुर जिलाध्यक्ष अशोक पांडे ने भी संबोधित करते हुए विस्तारपूर्वक पार्टी संगठन के कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी तथा सभी कार्यकर्ताओं को तत्परता के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की बहनों द्वारा आगंतुक अतिथियों एवं पदाधिकारियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया एवं चारों मंडलों की ओर से आगंतुक अतिथियों को शाल श्रीफल से अभिनंदन किया गया।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय कार्यालय दिल्ली से आई टीम के द्वारा एलईडी के माध्यम से अटल प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए समस्त कार्यकर्ताओं को 12 सितंबर से 25 सितंबर तक बूथ स्तर पर इन कार्यक्रमों का बेहतर ढंग से संपादन करने का आग्रह किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में शक्ति विधानसभा क्षेत्र के शक्ति नगर मंडल, शक्ति ग्रामीण मंडल, बाराद्वार मंडल, एवं सारागांव मंडल के काफी संख्या में बूथ अध्यक्ष, सचिव, पालक एवं बीएलए टू सहित मंडलों के पदाधिकारी तथा विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल ने मंडलवार मतदान केंद्रों के पार्टी संगठन के पदाधिकारियों की जानकारी ली तथा सभी कार्यकर्ताओं को अपने अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। बैठक को सफल बनाने में शक्ति नगर मंडल, शक्ति ग्रामीण मंडल, बाराद्वार मंडल, एवं सारागांव मंडल के पदाधिकारी कार्यकर्ता तथा विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।
यहाँ भी देखे : महंगाई के विरोध में 10 सितंबर को कांग्रेस ने किया भारत बंद का आव्हान, बघेल-सिंहदेव ने की बंद में सहयोग करने की अपील
Add Comment