रायपुर। संसद में 20 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत और फ्रांस के बीच राफेल डील सौदे में विमानों की खरीदी के लिए अनुबंध किये जाने की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रक्षामंत्री सीता रमण पर असत्य कथन कर संसद को गुमराह करने का आरोप लगाया था। इसी संदर्भ में आज कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि विमान समझौते में यूपीए सरकार के समय तय की गई कीमतों से अधिक 12632 करोड़ रूपये का भुगतान कर देश की राजस्व हानि की गई है। वार्ताकारों ने प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में हुए समझौते में 36 राफेल विमानों की खरीदी के लिए प्रति विमान 526.10 करोड़ रूपये के हिसाब से 18940 करोड़ रूपये भुगतान करने का अनुबंध में उल्लेख किया गया था किंतु मोदी सरकार द्वारा 36 विमानों के लिए 60.145 करोड़ रूपये प्रति विमान चुकाकर देश का आर्थिक नुकसान किया गया।
पत्रकारवार्ता में वार्ताकारों ने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति ने जारी बयान में मोदी सरकार पर अनावश्यक भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। साथ ही सार्वजनिक तौर पर तकनीकी गोपनीय जानकारी जनहित में जारी नहीं करने का अनुबंध में उल्लेख किया गया है। पत्रकारवार्ता में शिव डहरिया, पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, रायपुर ग्रामीण के विधायक सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री मनोज मंडावी, पूर्व राज्यसभा सदस्य श्रीमती करूणा शुक्ला, प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती फुलोदेवी नेताम, पूर्व विधायक गंगा पोटाई, पूर्व महापौर किरणमयी नायक एवं शैलेश नीतिन त्रिवेदी सहित अनेक नेता मौजूद थे।
यह भी देखे – प्रदेश कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति की बैठक शुरू
Add Comment