पूरन साहू, राजनांदगांव। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के एक मात्र दुर्ग जिले के सांसद ताम्रध्वज साहू ने यहां आव्हान किया कि हमकों कैंडिडेट कौन होगा ये नहीं बल्कि हमारा लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस और पंजा छाप होना चाहिए, तभी हम प्रदेश और देश में कांग्रेस की सरकार बना पाएंगे। श्री साहू ने पिछड़ा वर्ग के लोगों को संगठित होने का आव्हान करते हुए कहा कि भाजपा सभी वर्ग को आपस में बांटने का काम कर रही है जबकि कांग्रेस हर वर्ग को जोड़ रही है।
श्री साहू उदयाचल में आयोजित पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन और सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए श्री साहू ने कहा कि पिछड़ा वर्ग विभाग के उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से मोदी घबरा गए है। अब वे मंत्रियों की एक कमेटी बनाकर यह प्रचारित करने में लगे हैं कि मोदी पिछड़ा वर्ग में ही शामिल है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने का एकमात्र सहारा है प्रेम और भाईचारा, क्योंकि भाजपा लोगों में वैमनस्यता का जहर घोलने का काम कर रही है।
यहीं कारण है कि उनकी पार्टी लगातार जितने वाली सीटों पर भी हार रही है। श्री बघेल ने पिछड़ों को गांव की जड़ बताते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग ही है जो आज सबकी व्यववस्था करता है। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष मोतीलाल साहू सहित उनकी पूरी टीम की ओर से उपस्थिति सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र चंद्राकर, विधायक भोलाराम साहू, दलेश्वर साहू, गिरवर जंघेल, धनेश पाटिला, नवाज खान, जिला पंचायत अध्यक्ष चित्रलेखा वर्मा, सुरेंद्र दाउ, कमलजीत सिंह पिन्टू, किशन खंडेलवाल, जितेंद्र मुदलियार, निखिल द्विवेदी, भुनेश्वर बघेल, छन्नी साहू, कांति बंजारे, दिनेश शर्मा, हेमंत ओस्तवाल, धरम साहू, भागवत साहू, भुनेश्वर साहू, राजकुमारी सिन्हा, सुदेश देशमुख, अलाली राम यादव, नीलांबर वर्मा, तरूण सिन्हा, शाहिद भाई, अनिल मानिकपुरी, अंगेश्वर देखमुख, हेमा देशमुख, रूबी गरचा, गोवर्धन देशमुख, मन्ना यादव आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पंकज बांधव ने किया।
यह भी देखें : पीएल पुनिया के आने से कांग्रेस मजबूत: उन्हें किया गया बाहर जिनके कारण हो रहा था नुकसान-कांग्रेस
Add Comment