बैंकुठपुर, चंद्रकांत पारगीर। दो महिलाओं से छेड़छाड़ के बहुचर्चित मामले में फरार चल रहे राजस्व निरीक्षक बीडी कुशवाहा को कोरिया पुलिस ने सीधी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। राजस्व निरीक्षक ने अग्रिम जमानत की याचिका भी लगाई थी, जो निरस्त हो गई थी। इस संबंध में सिटी कोतवाली प्रभारी रविन्द्र अनंत ने बताया कि आरआई को हिरासत में ले लिया गया है। कोर्ट से रिमांड में लेकर उन्हें जेल दाखिल किया जाना है। राजस्व निरीक्षक पिछले 3 माह से फरार चल रहे थे।
उल्लेखनीय है कि चेर निवासी दो महिलाओं ने राजस्व निरीक्षक पर यह आरोप लगाया था कि उनके भाई द्वारा जमीन बेच देने के विवाद के संबंध में वह 24 मार्च 2017 को राजस्व निरीक्षक के घर इसकी जानकारी लेने गई थी। जहां राजस्व निरीक्षक ने दोनों महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद महिलाओं ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उलटे महिलाओं पर ही मामला दर्ज कर दिया गया था और उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था। इसके बाद महिलाओं ने न्यायालय में परिवाद दायर किया था। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी राजस्व निरीक्षक पर मामला दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश के बाद से ही राजस्व निरीक्षक फरार चल रहे थे। आरोपी अधिकारी ने बिलासपुर हाईकोर्ट में भी जमानत याचिका लगाई वहां से भी उनकी जमानत की अर्जी खारिज कर दी गई।
यह भी देखे – बिजली गिरने से छात्रा की मौत, मां बाल-बाल बची
Add Comment