Breaking Newsछत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

चुनावी गणित में अटक गया छत्तीसगढ़ का राज्यसभा सीट

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने 58 सीटों पर इस महीने में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। लेकिन भाजपा द्वारा जारी की गई सूची में छत्तीसगढ़ से उम्मीदवार का नाम गायब है। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं हो रही है। इसके साथ ही जानकारों में यह सवाल भी उठ रहे है कि आखिर छत्तीसगढ़ से भाजपा उम्मीदवार की घोषणा क्यों नहीं की गई है।


माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार की घोषणा में अभी विवाद की स्थिति है। जानकारों का यह भी मानना है कि इस वर्ष के अंत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले है। इस कारण भाजपा किसी भी तरह का रिस्क पार्टी नहीं लेना चाहती। वहीं पार्टी पर कई समाजों का दबाव भी है। इधर राज्यसभा भाजपा उम्मीदवारी की दावेदारी करने वालों में सभी वर्ग के लोग शामिल है जिसमें आदिवासी वर्ग, ओबीसी समेत अन्य समाज शामिल है। इस तरह छत्तीसगढ़ की एक सीट के लिए भाजपा के पास दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है जिससे आलाकमान को नाम तय करने में काफी विचार मंथन करना पड़ रहा है। यदि छत्तीसगढ़ में भाजपा को सरकार बनानी है तो उसे हर कदम फूंक-फूंक कर आगे बढ़ाना होगा, और इसकी शुरूआत राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार के नाम तय करने से हो गई है। इस कारण भाजपा के लिए सभी वर्ग के लोगों को साधना जरूरी हो गया है। इसके साथ ही पार्टी के समक्ष अभी कई चुनौतियां सामने हैं, इनमें सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वर्ष के अंत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले है और इस कारण पार्टी कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए चुनाव जीतने के लिए सही रणनीति बनाते हुए सत्ता हासिल करना है।


बहरहाल अभी वर्तमान में भाजपा के पास राज्यसभा के लिए उम्मीदवार की घोषणा करना एक बड़ी चुनौती है। गौरतलब है कि राज्यसभा की 58 सीटों के लिए आने वाले 23 मार्च को वोट डाले जाएंगे। ये 58 सीटें कुल 16 राज्यों से हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, अप्रैल-मई में 58 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। इसके बाद ये सीटें खाली हो जाएंगी। उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के अलावा, बिहार की 6 राज्यसभा सीटें, महाराष्ट्र की 6, मध्य प्रदेश की 5, पश्चिम बंगाल की 5 और कर्नाटक की 4 सीटों पर चुनाव होने हैं। चुनावों के लिए 12 मार्च तक नामांकन भरा जा सकता है। 23 मार्च को मतदान होंगे और 23 मार्च को ही वोटों की काउंटिंग होगी।

Back to top button
close