
जोरा में करीब दस साल से बंद ट्रेजर आईलैंड को शहर के एक बड़े उद्योगपति ने खरीद लिया है। ट्रेजर आईलैंड पर करीब 130 करोड़ का बैंक लोन है। बैंक ने इसे कुर्क कर दिया था। उद्योगपति ने बैंक से ही सौदा किया है। ट्रेजर आईलैंड पर निगम का 15 करोड़ से ज्यादा का टैक्स बकाया है। उद्योगपति ने टैक्स का सेलटलमेंट भी तैयार करवा लिया है।
इसी तरह महोबाबाजार में बंद पड़ा आरके मॉल भी बिक गया है। इसे एक बिल्डर ने खरीदा है। इन दो शॉपिंग मॉल से पहले सिटी सेंटर मॉल पंडरी का सौदा भी नागपुर की एक कंपनी ने कर लिया है। नागपुर की कंपनी शॉपिंग मॉल का री-कंस्ट्रक्शन करवा रही है। जल्द ही काम भी पूरा हो जाएगा। उसके बाद शहर में एक साथ तीन नए शॉपिंग मॉल खुलेंगे। इससे कारोबार भी बढ़ेगा।
ट्रेजर आईलैंड की पूरी कहानी
2010 में राजधानी में इंदौर की कंपनी ने जोरा में शहर का सबसे बड़ा शॉपिंग मॉल खोलने के लिए जमीन खरीदी थी। इसके बाद यह ट्रेजर आईलैंड बनाने की शुरुआत हुई। यह काम तेजी से भी चला और मॉल भी लगभग बनकर तैयार हो गया। लेकिन इस बीच कंपनी में वित्तीय समस्याएं शुरू हो गई। करीब दो साल पहले ही इस शॉपिंग मॉल पर बैंक ने कब्जा कर लिया। अब इस शॉपिंग मॉल को शहर के एक उद्योगपति ने खरीद लिया है। उनका स्पंज आयरन का बड़ा कारोबार है। जल्द ही मॉल के बाकी अधूरे काम भी पूरे कर लिए जाएंगे। ट्रेजर आईलैंड ग्रुप इंदौर का बड़ा समूह है।
आरके मॉल की हो रही रिपेयरिंग
करीब 13 साल पहले शुरू हुआ आरके मॉल महोबाबाजार एक बार फिर से खुलने होने जा रहा है। मॉल के डायरेक्टर बैंक का लोन नहीं दे पाए थे, इस वजह से बैंक ने इसे कुर्क कर लिया था। अब इस मॉल को रहेजा ग्रुप के बिल्डर संजय रहेजा ने खरीद लिया है। मॉल का री-कंस्ट्रक्शन भी शुरू करवा दिया है।
सिटी सेंटर 109 करोड़ में बिका
इन दो बड़े मॉल के पहले सिटी सेंटर पंडरी का मॉल 109 करोड़ में बिक चुका है। इसे नागपुर की एक कंपनी ने खरीदा है। बैंक का लोन नहीं चुकाने के कारण बैंक ने इसे सील कुर्क कर लिया था। रायपुर विकास प्राधिकरण ने पंडरी में 9 लाख 60 हजार वर्गफीट जमीन लीज पर शॉपिंग मॉल वालों को दी थी।
निगम से भी सुलझेगा टैक्स का मुद्दा
जोन 9 के पं. विद्याचरण शुक्ल वार्ड 51 में स्थित ट्रेजर आईलैंड पर नगर निगम का 2011-12 से 2022-23 तक का 15 करोड़ 37 लाख 40 हजार टैक्स बकाया है। इस टैक्स की वसूली के लिए निगम ने मॉल को सील कर दिया था। निगम के आदेश के मुताबिक ट्रेजर आईलैंड में किसी भी तरह की खरीदी-बिक्री शुरू करने से पहले एनओसी लेनी होगी, जिस उद्योगपति ने इस मॉल को खरीदा है, उसकी निगम अफसरों से टैक्स को लेकर बातचीत शुरू हो गई है।