छत्तीसगढ़स्लाइडर

छत्तीसगढ़: CRPF कैंप में नक्सलियों ने किया हैंड ग्रेनेड से हमला… तीन जवान घायल… हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजे गए…

छत्तीसगढ़ के सुकमा में माओवादियों ने एलमागुंडा CRPF कैंप पर हमला कर दिया। हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए हैं। माओवादियों ने कैंप पर फायरिंग की और देशी हैंड ग्रेनेड भी दागा है।

जवानों ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद नक्सली जंगल की तरफ भाग खड़े हुए। अति संवेदनशील चिंतागुफा इलाके में एक माह पहले ही इस कैंप खोला गया है। घायल जवानों को एलमागुण्डा से हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर रवाना किया गया है।

बस्तर आईजी सुंदरराज पी बताया कि सुकमा जिले के एलमागुंडा में कुछ समय पूर्व ही नए कैंप की स्थापना की गई है। इस कैंप के लगने से माओवादियों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। उन्हें अपने काबिज इलाके से पीछे हटना पड़ा है।

ऐसे में बौखलाए माओवादियों द्वारा लगातार जवानों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। जवानों का मनोबल तोड़ने नक्सली कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उसमें वे सफल नहीं हो पा रहे हैं। बौखलाहट में सोमवार की सुबह लगभग 6.30 बजे माओवादियों ने कैंप पर फायरिंग की और देशी हैंड ग्रेनेड भी दागा है।

आधे घंटे तक दोनों ओर से फायरिंग
माओवादियों के हमले के बाद जवानों ने मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया। लगभग आधे घंटे तक चली इस मुठभेड़ में माओवादियों को भी नुकसान उठाना पड़ा और वे जंगलों की ओर भाग गए।

घटना में 2री वाहिनी, सीआरपीएफ के प्रधान आरक्षक हेमंत चौधरी, आरक्षक बसप्पा एवं आरक्षक ललित बाघ घायल हुए हैं। घायल जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है। जवानों को बेहतर इलाज के लिए एलमागुंडा से हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर रवाना किया गया है।

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home/gaganmittal/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471