छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

महज 20 महीने बाद विधानसभा चुनाव, सदस्यता अभियान के बहाने खुद को परख रहीं राजनीतिक पार्टियां

बिलासपुर. विधानसभा चुनाव को अब महज 20 महीने ही बच गया है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी राजनीतिक पार्टियों के कर्ताधर्ताओं ने जनता पर डोरे डालने और उन्हें रिझाने के लिए बिसात बिछा दी है। कुछ पार्टी के लोग सदस्यता अभियान के बहाने जनता के बीच खुद को परख रहे हैं तो कुछ पार्टी के रणनीतिकार माइक्रो डोनेशन की आड़ में जनता की नब्ज टटोलने का प्रयास कर रहे हैं। सभी राजनीतिक पार्टियों के रणबांकुरों का मकसद एक ही है, वह है जनता का समर्थन जुटाना, चाहे संवेदना से हो या फिर वायदे या अफवाहें फैलाकर। इसके लिए सभी पार्टियों के नेताओं ने डिजिटल प्लेटफार्म का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी संगठन को मजबूती देने के लिए डिजिटल सदस्यता अभियान चला रही है तो भाजपा भी माइक्रो डोनेशन के जरिए लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ की सत्ता पर काबिज कांग्रेस के पास 2023 के चुनाव में एक बार फिर जीत हासिल करके सत्ता पर बरकरार रहने की चुनौती है। इसलिए कांग्रेस संगठन को पहले से भी अधिक मजबूत बनाकर सदस्यता अभियान मे जुट गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सदस्यता अभियान के लिए सभी मोर्चा, संगठनों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले साल एक नवंबर से सदस्यता अभियान की शुरुआत करने वाली कांग्रेस ने 31 मार्च तक पूरे छत्तीसगढ़ में सदस्यों की संख्या 10 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। यह डिजिटल तरीके से सदस्य बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गूगल प्ले स्टोर से मोबाइल एप को डाउनलोड करना होगा। कांग्रेस के अधिकृत पदाधिकारियों की तरफ से दिए गए पासवर्ड का इस्तेमाल करके हर स्तर पर पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोगों को पार्टी का सदस्य बना सकेंगे।

भाजपा को माइक्रोडोनेशन का सहारा
कांग्रेस की तरह भाजपा का अपना सदस्यता अभियान जारी है, लेकिन इसके अलावा भाजपा नमो ऐप के जरिए माइक्रो डोनेशन अभियान में भी जुट गई है। भाजपा कार्यकर्ता आम लोगों को माइक्रो डोनेशन के माध्यम से जोड़ रहे हैं। और पार्टी के लिए फंड की व्यवस्था कर रहे हैं।

जोगी कांग्रेस ने भी सदस्यता अभियान चलाया
जोगी कांग्रेस ने भी सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। इनके कार्यकर्ता प्रतिदिन एक वार्ड पहुंचकर सदस्य बनाने का काम कर रहे हैं। बताया जाता है किसी वार्ड में 50 तो कहीं 100 लोगों को सदस्य बनाने का काम किया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी ने भी शुरू किया सदस्यता अभियान
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ अपने संगठन को विस्तार देने के साथ प्रदेश में पांच फरवरी से सदस्यता अभियान चला रही है। पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति ने सदस्यता अभियान की तैयारी के लिए प्रारूप तैयार किया है। पार्टी इस बार अपने संगठन को मजबूत बनाने व नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने चौक-चौराहे पर स्टाल लगाकर सदस्यता अभियान चला रही है। अभियान में लोग चाहें तो ऑनलाइन भी सदस्यता ले सकते हैं। इसके लिए पार्टी ने एप भी बना रखी है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे ही सदस्यता ले सकते हैं। साथ ही पार्टी 90 विधानसभा के लिए 90 मोबाइल नंबर जारी कर रही है, जो हर एक विधानसभा के लिए अलग-अलग नंबर होंगे।

Back to top button
close