
पति की करतूत की शिकायत करने बेटी के साथ थाने पहुंची महिला
कोरबा। कोरबा जिले के दर्री क्षेत्र से घरेलू विवाद का मामला सामने आया है। इसमें पति ने अपनी पत्नी और पुत्री पर जानलेवा हमला किया है। हमले घायल पत्नी और पुत्री थाने पहुंच इसकी शिकायत की है। शिकायत में पत्नी ने कहा कि पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध है और इसी वजह से वह अक्सर विवाद और मारपीट करता है। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 16 वर्ष पूर्व छुरी में रहने वाली उर्मिला सारथी का विवाह बांकी मोंगरा शुक्लाखार निवासी जोहन लाल सारथी के साथ हुआ था। विवाह के कुछ दिनों के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी ना किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो रही थी। एक वर्ष बाद उर्मिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म होने के बाद से लगातार जोहन अपनी पत्नी को घर से निकल जाने को कहता था। उसके साथ वह मारपीट भी करता था। पिछले 5 वर्षों से जोहन लाल अपनी पत्नी उर्मिला सारथी, पुत्री पूर्णिमा सारथी, पुत्र आकाश कुमार उम्र 9 वर्ष के साथ किराए के मकान में जमनीपाली बस्ती में निवास करते आ रहे हैं।
उर्मिला ने बताया कि उसका पति जोहन लाल मिस्त्री का कार्य करता है। उसका किसी महिला से अवैध संबंध है, इस वजह से वह अक्सर विवाद व मारपीट करता है। जोहन लाल ने पत्नी उर्मिला व पुत्री पूर्णिमा के ऊपर प्राणघातक हमला भी किया है। उर्मिला ने बताया कि 22 फरवरी 2018 को इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। पूर्व में की गई रिपोर्ट के बाद पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से फिर इसकी रिपोर्ट कल दर्री थाने में दर्ज कराया है। दर्री पुलिस अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन पत्नी के सिफारिश के बाद फिर से दर्री पुलिस ने जोहन को छोड़ दिया। फिर से जोहन पत्नी व पुत्री को जान से मारने की धमकी देने लगा। इससे क्षुब्ध होकर उर्मिला और उसकी पुत्री पूर्णिमा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। पीडि़त पक्ष ने एक बार फिर शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी देखे – कोरिया जिले में एक साल में 399 नवजात शिशुओं की मौत