धमतरी: जिले में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा तोड़ने का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने दुगली कौहाबाहरा थाना क्षेत्र में लगी राजीव गांधी की प्रतिमा तोड़ दी। गांव वालों ने जब प्रतिमा टूटी हुई देखी, तो पुलिस में इसकी सूचना दी। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
कांग्रेसियों ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।
घटना के बाद जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है। खबर लगते ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। वे एफआईआर दर्ज करने की मांग करते रहे। बताया गया है कि 2018 में कांग्रेस सरकार आने के बाद 2019 में पूर्व पीएम के जन्मदिन के अवसर पर सीएम भूपेश बघेल ने दुगली जाकर इस प्रतिमा का अनावरण किया था।
प्रतिमा का सिर अलग होकर जमीन पर गिरा था।
ग्रामीणों ने बताया कि यहां पर अक्सर असामाजिक तत्वों का डेरा रहता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि उन्होंने ही प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की होगी। घटना के बाद से ग्रामीणों में भी काफी नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि राजीव गांधी की यादें भी इस गांव से जुड़ी हुई हैं। जिसकी वजह से वे लोग आज भी पूर्व पीएम को याद करते हैं। इधर, दुगली थाना प्रभारी दिनेश कुर्रे ने कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्ति से छेड़छाड़ की गई है।
2019 में मुख्यमंत्री ने दुगली जाकर प्रतिमा का अनावरण किया था।
मूर्ति अनावरण के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी उस दौरान एक फेसबुक पोस्ट किया था। फेसबुक पोस्ट में सीएम ने लिखा था कि 1985 में स्व. राजीव गांधी जी धमतरी जिले के दुगली में आए थे। वहां पहुंचकर मैंने भारत के महान रत्न की प्रतिमा का अनावरण किया। मेरे लिए यह बहुत भावुक पल था। आज भी ग्रामवासी उस समय को याद कर भावुक हो उठते हैं।
Add Comment