3 दिन पहले किशोरी ने दर्ज कराया था युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला… दूसरे दिन रेलवे ट्रैक पर मिला शव…

पुरानी छावनी थाना पुलिस को निरावली पुल के नीचे संतोष पाल का शव क्षत- विक्षित हालत में शुक्रवार को मिला था। मृतक संतोष पाल के खिलाफ आत्महत्या करने से एक दिन पूर्व 17 साल की किशोरी ने चीनौर थाने में छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने पड़ताल के बाद शनिवार को किशोरी की मां व एक अन्य के खिलाफ युवक को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है।
शुक्रवार को निरावली हाइवे पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पुरानी छावनी थाना पुलिस ने गैंगमैन की सूचना पर बरामद किया था। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने शनिवार को देहाती नालिसी पर मर्ग कायम किया। युवक का शव क्षत- विक्षित था। ट्रेन से कटने के कारण युवक का सिर व एक हाथ धड़ से अलग हो गया था।
मृतक युवक की पहचान संतोष पाल निवासी चीनौर के रूप में हुई। पड़ताल में पुलिस को पता चला कि युवक के खिलाफ 9 सितंबर को 17 साल की किशोरी ने अपनी मां के साथ चीनौर थाने आकर संतोष पाल के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपित रात में उसके घर की छत पर चढ़ आया और छेड़छाड़ करने लगा। मां- बहन के जागने पर उसकी मारपीट कर भाग गया।
मां व एक अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज: पुरानी छावनी थाना पुलिस ने पड़ताल के बाद शनिवार को छेड़छाड़ का शिकार किशोरी की मां व एक अन्य के खिलाफ युवक को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।