छत्तीसगढ़

मौसम में होगा बदलाव… मौसम वैज्ञानिक ने दी ताजा जानकारी…

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के लोगों को शुक्रवार से कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर से आने वाली शुष्क व ठंडी हवाओं का आना शुक्रवार से बंद हो रहा है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में निश्चित रूप से बदलाव होगा। साथ ही शनिवार 25 दिसंबर को प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाएंगे, इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी होगी।

गुरुवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर का मौसम शुष्क रहा। हवा की दिशा बदलने की वजह से बीते तीन-चार दिनों की तुलना में ठंड थोड़ी कमतर रही। शहरी क्षेत्रों की तुलना में बाहरी क्षेत्रों में ठंड ज्यादा रही और सुबह-सुबह कोहरे का भी असर रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड में कमी आएगी और कड़ाके की ठंड से लोगों को राहत मिलेगी।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार से उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का आना बंद हो रहा है। इसके चलते ही शुक्रवार 24 दिसंबर को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

Back to top button
close