रायपुर। राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं।
नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 2.70 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.85 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद रायपुर में पेट्रोल का भाव बढ़कर 108.6 रुपए प्रति लीटर और डीजल का दाम 101.32 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।
इससे पहले भी तेल कंपनियों ने चरणबद्ध तरीके से कीमतों में इजाफा किया था। 15 मई को पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में 3-3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। दूसरी बार में 90-90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। तीसरी बार पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था।
लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम जनता की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। वाहन चालकों और व्यापारियों में इस बढ़ोतरी को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।




