पूर्व CM रमन सिंह बोले- किसानों का आंदोलन अब सिर्फ कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों की साजिश… देश के दूसरे राज्यों में किसान कानून से खुश हैं…

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह दिल्ली में राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ये बैठक ली। डॉ रमन सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल के बाद इस देश को काफी अच्छे तरीके से संभाला।
सरकार की योजनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की सक्रियता की वजह से देश एक बार फिर से पटरी पर आ रहा है। 200 देशों को भारत में हाइड्रो क्लोरोक्वीन जैसी दवा मुहैया कराई। सरकार ने जन धन खातों में महिलाओं तक मदद पहुंचाई। दुनिया के कई देशों को लगा था कि भारत कोरोना महामारी को ना तो संभाल पाएगा और ना ही इसके बाद उबर पाएगा लेकिन भारत में उन्हें गलत साबित करते हुए अपने कदम हमेशा आगे ही बढ़ाएं।
किसान आंदोलन राजनीतिक साजिश
डॉ रमन सिंह ने किसानों के मुद्दे पर पूछे गए सवालों के जवाब देते हुए कहा कि देश का किसान कृषि कानून से खुश हैं। किसान आंदोलन को कांग्रेस के समर्थन के साथ लेफ्ट पार्टियां हवा दिए हुए हैं। रमन सिंह ने कहा कि मुझे लगता है कुछ राजनीतिक कारणों से आंदोलन को जारी रखने की कोशिश की जा रही है ।
सभी जगह पर कृषि कानूनों का स्वागत हो रहा है। कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां इसे जीवित रखने की साजिश कर रही है। डॉ रमन सिंह ने कहा कि सरकार हर मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। लगातार किसानों से बात करने को हम तैयार हैं और बातचीत जारी है। हम यह कह रहे हैं कि किसान उन बिंदुओं को लेकर सरकार के पास आएं जिन बिंदुओं से उन्हें दिक्कत है। यदि एक ही जिद पर अड़े रहेंगे कि कृषि कानून पूरा वापस ले लो, यह कैसे होगा।
अबकी बार बंगाल में भाजपा सरकार
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में पांच राज्यों के चुनावी हालात को लेकर भी चर्चा की गई। बंगाल को लेकर यह कहा गया कि यहां जनता का अपार समर्थन भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है। डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि दमनकारी अलोकतांत्रिक माहौल और लोगों को पनाह देने वाली सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है। अब भाजपा बंगाल का चुनाव जीतने जा रही है।
असम में भी केंद्र और राज्य सरकार के काम को लेकर हम जनता के बीच जा रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। देश के दक्षिणी इलाकों में भी भारतीय जनता पार्टी का जनाधार बढ़ा है। वहां भाजपा नए विकल्प के तौर पर उभर कर सामने आई है।