छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदल रहा मौसम का रुख… फिर बढ़ेगी ठंड…

प्रदेश में एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं। बुधवार से हवा की दिशा बदल जाएगी, जिससे उत्तर भारत की ओर से बर्फीली और शुष्क हवा आने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने के संकेत हैं। राजधानी में भी हल्की ठंड बढ़ेगी। 22 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की कमी आने के आसार हैं। वहीं दिन का तापमान भी दो डिग्री तक गिरेगा।

मंगलवार को प्रदेश के किसी भी जिले में खासकर सरगुजा संभाग में शीतलहर नहीं चल रही है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। इस वजह से दिन में ठंड लगभग गायब जैसी रही।



मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के अनुसार बुधवार से प्रदेश में उत्तर भारत से बर्फीली व शुष्क हवा आने से शुक्रवार तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान आसमान साफ रहेगा। इस दौरान सरगुजा संभाग के एक-दो जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।

राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। हवा की दिशा दक्षिण-पूर्व है।

इस कारण राजधानी समेत पूरे प्रदेश में ठंड कम हो गई है। दरअसल इस दिशा से आने वाली हवा गरम होती है, जिससे ठंड कम हो जाती है। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में बर्फबारी हो रही है। वहीं से हवा आने से छत्तीसगढ़ में ठंड पड़ती है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार उत्तर भारत से हवा आने के कारण मौसम में बदलाव आएगा। ठंड बढ़ेगी और दिन का तापमान भी दो डिग्री तक कम होगा।

Back to top button
close