छत्तीसगढ़यूथस्लाइडर

छत्तीसगढ़: इस बार BE में प्रवेश के लिए पात्रता तय करेंगे 12वीं के अंक…

कोरबा। आइटी कॉलेज कोरबा में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (बीई) के प्रथम वर्ष की 210 सीटों के लिए पहले चरण की काउंसलिंग 10 सितंबर से शुरू होगी। दस दिन चलने वाली प्रक्रिया के लिए 19 सितंबर तक का समय दिया गया है।

इस बार बिना पीईटी परीक्षा (प्रि इंजीनियरिंग टेस्ट) आयोजित किए ही विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर प्रदान किया जा रहा है। निर्धारित सीटों पर 12वीं में प्राप्त किए गए अंक ही चयन के लिए विद्यार्थियों की पात्रता तय होगी। काउंसलिंग के बाद 23 सितंबर को सीट आवंटन के साथ ही मेरिट सूची में जगह बनाकर चयनित छात्र-छात्राएं कॉलेज में प्रवेश का प्रथम अवसर प्राप्त कर सकेंगे।



झगरहा में संचालित आइटी कॉलेज कोरबा समेत प्रदेशभर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में इंजीनियरिंग के स्नातक पाठ्यक्रम में शिक्षा सत्र 2020-21 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कोरोना काल के असर से इस बार पीईटी की प्रवेश परीक्षा नहीं ली जा रही है। ऐसे में प्रवेश का मापदंड 12वीं की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के प्राप्तांकों को आधार बनाया जाएगा। 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट सूची बनाई जाएगी।

कार्रवाई के पहले चरण में ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू हो जाएगी। इसके लिए तकनीकी शिक्षा संचालनालय के संचालक ने शेड्यूल जारी कर दिए हैं। 10 से 19 सितंबर तक पहले चरण व एक से आठ अक्टूबर तक दूसरे चरण की काउंसलिंग होगी।

इसमें आइटी कॉलेज में उपलब्ध इंजीनियरिंग की चार ब्रांचों की 210 सीटों में प्रवेश दिया जाएगा। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग, मंत्रालय छत्तीसगढ़ शासन के उप सचिव विजयवर्गीय ने इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश की कार्रवाई शुरू करने के लिए जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने आदेश जारी कर दिए हैं।

भौतिक, गणित व रसायन के अंक अहम
रजिस्ट्रार प्रणय राही ने बताया कि आइटी कॉलेज में प्रवेश की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। छात्र-छात्राएं काउंसलिंग के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए डीटीई की वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं। द्वितीय काउंसलिंग के लिए सेंट्रल ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से आवेदन लिए जाएंगे। 12वीं की परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके तहत भौतिकी, गणित व रसायन, जैव प्रोद्योगिकी, बायोलॉजी, तकनीकी व्यावसायिक विषय, कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इंफोर्मेटिक्स प्रेक्टिसेज, एग्रीकल्चर, इंजीनियरिंग ग्राफिक्स में मिले अंकों से मेरिट सूची तैयार होगी, जिसके आधार पर ही छात्र-छात्राओं को कॉलेजों की सीट आवंटित होंगी।



रविवार की छुट्टी में जारी रहेगी प्रक्रिया
छात्रों को पहले चरण में एक या एक से अधिक कॉलेजों को चयन करने का विकल्प मिलेगा। दूसरे चरण में सिर्फ एक कॉलेज को ही चुनने का विकल्प रहेगा। काउंसलिंग के दौरान प्रवेश के लिए रविवार या अन्य कोई छुट्टी पड़ती है तो भी उन दिनों में संस्थाएं खुली रहेंगी। प्रवेश नियम के लिए संचालनालय की वेबसाइट पर देखा जा सकेगा।

आवंटन के पहले दस्तावेजों का परीक्षण नहीं किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को सही जानकारी देनी होगी। गलत जानकारी होने पर आवेदन या आवंटन निरस्त हो सकता है। इसके लिए छात्र स्वयं जिम्मेदार होंगे। कांउसलिंग के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए विद्यार्थी कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।



ऐसे होगी पहली काउंसलिंग
पहली काउंसलिंग का पंजीयन व विकल्प फॉर्म भरने की प्रक्रिया 10 सितंबर सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जो प्रतिदिन शाम पांच बजे तक चलेगी और 19 सितंबर को शाम 5 बजे तक चलेगी। पहले चरण की काउंसलिंग पूर्ण होने के बाद सीटों का आवंटन 23 सितंबर को दोपहर दो बजे तक होगा। आवंटित संस्था में प्रवेश 23 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगा, जो 29 सितंबर को शाम पांच बजे तक चलेगा।

रिक्त सीटों की जानकारी एक अक्टूबर को सुबह 11 बजे अपलोड होगी, जिसके बाद दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू होगी। दूसरे चरण की काउंसलिंग में पंजीयन और विकल्प फॉर्म भरने की प्रक्रिया एक अक्टूबर सुबह 11 बजे से आठ अक्टूबर तक शाम पांच बजे तक चलेगी। इसके बाद 13 अक्टूबर को दोपहर दो बजे तक सीट आवंटित होंगे। 13 अक्टूबर को दोपहर 2.30 बजे से 20 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक प्रवेश प्राप्त किया जा सकेगा। इसके बाद भी सीटें रिक्त रहने पर उसकी जानकारी 21 अक्टूबर को सुबह 11 बजे अपलोड होगी।



किस ब्रांच में कितनी सीट
ईईई-60
सिविल-60
मैकेनिकल-60
सीएसई-30

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home/gaganmittal/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471