रायपुर। राजधानी में कल शाम से उमड़-घुमड़ रहे बादलों ने आखिरकार राहत की बौछार शुरू कर दी है। राजधानी में आज सुबह आसमान में छाए बादल घने होते गए और सुबह करीब 11 बजे से हल्की बारिश शुरू हो गई जो करीब एक घंटे तक चली।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो इस समय एक मानसूनी द्रोणिका बीकानेर, सीकर शिवपुरी, सीधी, डाल्टनगंज, बर्धमान कालासर, इंफ ाल होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक चक्रवाती घेरा उत्तर छत्तीसगढ़ और उसके आसपास 3.1 से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसी के चलते आज राजधानी रायपुर में अचानक बारिश शुरू हुई।
आज दिन में भी प्रदेश के उत्तर और मध्य भाग में हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। वहीं प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी संभावित है। इसके अलावा कहीं-कहीं पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वहीं कल 01 जुलाई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश होने तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। आज राजधानी में हुई बारिश ने उमस और गर्मी से बेहाल लोगों को फिर से राहत दी है।
Add Comment