रायपुर। लॉकडाउन के चलते रेल व बस सेवा बंद रहने के कारण बिहार के रहने वाले दो सगे भाई कांकेर से पैदल ही बिहार जाने के लिए निकल पड़े। रायपुर पहुंचने के बाद जब जिला प्रशासन को इसकी जानकारी मिली तो तत्काल दोनों युवको की मदद करते हुए भोजन व ठहरने की व्यवस्था की गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांकेर में काम करने वाले बिहार निवासी दो सगे भाई 25 मार्च को लॉकडाउन के दौरान अपने घर जाने के लिए पैदल निकल पड़े। बताया जा रहा है कि कांकेर से पैदल चले दोनों भाई जैसे-तैसे कुछ दिनों का सफर तय कर रायपुर पहुंचे।
यहां पहुंचने के बाद दोनों हिम्मत हार गए। बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों को सहारे की तलाश में भटकते देख एक समाज सेवक के संपर्क में आये। जिसके बाद उक्त समाज सेवक ने इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी।
इसकी जानकारी मिलने पर कलेक्टर डॉ एस भारतीदासन और जिलापंचायत सीईओ डॉ गौरव कुमार सिंह ने रैपिड रेस्पॉन्स टीम और गोलबाजार पेट्रोलिंग टीम को भेजकर उनके भोजन की तत्काल व्यवस्था करा कर उन्हें लभांडी में बनाए सुविधायुक्त आवासीय परिसर में देर रात रुकने की व्यवस्था करायी है। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन तक दोनों युवकों को यहीं रूकने के लिए कहा गया है।
Add Comment