व्यापार

फिर गिरा बाजार : एक मिनट में 2 लाख करोड़ का नुकसान, जानिए क्या हुआ

नई दिल्ली। बजट के बाद से भारतीय शेयर बाजार गिरावट से उबर नहीं पा रहा है। गुरुवार को जरूर बाजार 330 अंक चढ़कर बंद हुआ, लेकिन शुक्रवार सुबह फिर से शेयर बाजार 501 अंक की गिरावट के साथ खुला। सुबह करीब 10.40 बजे सेंसेक्स 476 अंक की गिरावट के साथ 33937 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। लगभग इसी समय करीब 147 अंक टूटकर 10,430 पर कारोबार कर रहा था। कारोबारी सत्र के दौरान एक समय सेंसेक्स 550 अंकों से ज्यादा फिसल गया था। बाजार में गिरावट के बीच एक मिनट के कारोबार में निवेशकों को 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हो गया। शुरुआती कारोबार में लार्ज कैप, मिडकैप और स्मॉलकैप जबरदस्त बिकवाली से निवेशकों के 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा डूब गए। गुरुवार शाम को कारोबारी सत्र के अंत में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 1,47,99,096.88 करोड़ रुपए था. लेकिन जब सेंसेक्स में 550 अंक की गिरावट दर्ज की गई तो निवेशकों को 2,11,229.88 करोड़ रुपए डूब गए.
बाजार में गिरावट के बड़े कारण
अमेरिकी शेयर बाजार डाओ जोंस गुरुवार को 1,033 अंक की गिरावट के साथ 23,860 अंक पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक 275 अंक गिरकर 6,777 अंक पर बंद हुआ था। इसके अलावा एसएंडपी 500 इंडेक्स 101 अंक गिरकर 2,581 के स्तर पर बंद हुआ. इससे पहले 5 फरवरी को भी को डाओ जोंस 1600 अंक टूट गया था। अमेरिकी बाजारों में गिरावट से एशियाई बाजार भी अछूते नहीं रहे. शुक्रवार को सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स 157 अंक टूटकर 10,403 अंक पर कारोबार कर रहा है. जापान का बाजार 609 अंक टूटकर 21,283 पर कारोबार कर रहा है. वहीं हैंग सेंग 1123 अंक की गिरावट के साथ 29,331 पर कारोबार कर रहा है। (एजेंसी)

Back to top button