रायपुर। राज्यसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ से कांग्रेस ने दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस बार कांग्रेस ने केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम को प्रत्याशी बनाया है। केटीएस तुलसी सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। वहीं फूलो देवी नेताम पूर्व विधायक हैं। वर्तमान में वह महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं।
कांग्रेस पार्टी ने अपनी राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची में उम्रदराज, कद्दावर और अपने वरिष्ठ नेता मोतीलाल बोरा का टिकट काट दिया है। करुणा शुक्ला का भी नाम केवल चर्चाओं तक सीमित रहा। ज्ञात हो कि राज्यसभा की 55 सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होने हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 मार्च है।
राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को अपने 9 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। राज्यसभा सदस्य के लिए मध्यप्रदेश से तीन सीटें खाली हो रही हैं। कांग्रेस ने यहां से मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया को मैदान में उतारा है।
दिग्विजय सिंह ने बृहस्पतिवार को नामांकन भी दाखिल कर दिया है। भाजपा ने यहां से कांग्रेस का दामन छोड़कर पार्टी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा का टिकट दिया है।
महाराष्ट्र में शिवसेना ने कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल होने वाली प्रियंका चतुर्वेदी को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, राजीव साटव को टिकट दिया गया है।
इसके अलावा शहजादा अनवर को झारखंड, राजीव साटव को महाराष्ट्र, वेणुगोपाल और नीरज डांगी को राजस्थान और केनेडी कोर्नेलियस खरियम को मेघालय से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा कांग्रेस ने गुजरात से शक्तिसिंह गोहिल और भरत सिंह सोलंकी को टिकट दिया है जबकि हरियाणा से पार्टी ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा को चुना है।
मध्यप्रदेश से दिग्विजय सिंह को तो महाराष्ट्र से राजीव सातव को टिकट दिया है। महासचिव केसी वेणुगोपाल, शक्ति सिंह गोहिल, भरत सिंह सोलंकी भी टिकट पाने में सफल रहे, लेकिन उम्मीदवारों में ब्रह्मण चेहरा नदारद है।
वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश को भी राज्यसभा टिकट नहीं मिल पाया। करुणा शुक्ला को छोड़ दें तो उपरोक्त सभी नेता कभी कांग्रेस पार्टी के मुख्य रणनीतिकारों में गिने जाते थे। पार्टी ने हरियाणा में दीपेंद्र हुड्डा पर भरोसा जताया है। राजस्थान से नीरज दांगी को मैदान में उतारा है।
भाजपा ने पांच सीटों पर सूची जारी की
भाजपा ने राज्यसभा की पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। इसमें हरियाणा से रामचंद्र जांगड़ा और दुष्यंत कुमार गौतम को उम्मीदवार बनाया है। वहीं हिमाचल प्रदेश से इंदु गोस्वामी, मध्य प्रदेश से डॉ सुमेर सिंह सोलंकी और महाराष्ट्र से भागवत कराड को मैदान में उतारा है।
यह भी देखें :
सांसद निधि तीन गुना बढ़ाने सिफारिश…सालाना हो सकती है 15 करोड़…
Add Comment