खेल

टी-20 के टॉप-10 बल्लेबाजों में 4 भारतीय:श्रेयस अय्यर को 18 स्थान का फायदा, ईशान नंबर-1 पर बरकरार

भारत के टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने ICC रैंकिंग में 18 स्थान की छलांग लगाई है। वे करियर में पहली बार टी-20 बैटर्स की रैंकिंग में टॉप-10 में आए हैं। वे 7वें स्थान पर आ गए हैं।

अय्यर ने मंगलवार रात को वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 102 रन की शतकीय पारी खेली। इसका फायदा उन्हें बुधवार को जारी रैंकिंग में मिला।

अब टॉप-10 बैटर्स में 4 भारतीय शामिल हैं। श्रेयस अय्यर के अलावा ईशान किशन पहले, अभिषेक शर्मा दूसरे और तिलक वर्मा 10वें स्थान पर हैं।

बुमराह की टॉप-10 में वापसी, राशिद नंबर-1 बॉलर

टी-20 बॉलर्स की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह की टॉप-10 में वापसी हो गई है। उन्हें 3 स्थान का फायदा मिला है। अफगानिस्तान के राशिद खान पाकिस्तान के अबरार अहमद को पीछे छोड़कर नंबर-1 बॉलर बन गए हैं।

भारत के अक्षर पटेल ने भी 16 पायदान की छलांग लगाई है। वे 7वें नंबर पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के नसुम अहमद 8वें और मेहदी हसन 9वें नंबर पर हैं।

हार्दिक पंड्या को एक स्थान का नुकसान

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को टी-20 ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे 8वें स्थान पर हैं। वे टॉप-10 में शामिल इकलौते भारतीय हैं। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा नंबर-1 पर हैं।

हार्दिक चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेला था।

गिल वनडे के नंबर-1 बैटर, राहुल टॉप-10 में पहुंचे

भारत के वनडे कप्तान शुभमन गिल वनडे बैटर्स की रैंकिंग के टॉप पर अपनी बढ़त और मजबूत कर चुके हैं। उनके 841 रेटिंग पॉइंट हैं।

तीसरे वनडे में 162 रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप 2 स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। केएल राहुल सात स्थान ऊपर चढ़े हैं। वे अब संयुक्त रूप से 10वें नंबर पर हैं और टॉप-10 में शामिल हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button