हेडमास्टर ने बेटे संग मिलकर पत्नी के बॉयफ्रेंड को मार-डाला:2 साल से अफेयर, मिलने से रोका, नहीं माना तो चार्जिंग केबल से घोंटा गला

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पिता ने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर पत्नी के बॉयफ्रेंड की चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। 2 साल से पत्नी का अफेयर चल रहा था। इसे लेकर पति और पत्नी में आए दिन विवाद होते रहता था। शनिवार को विवाद के बाद महिला के बुलाने पर बॉयफ्रेंड उसके घर पहुंचा, जहां पिता और बेटे ने उसकी हत्या कर दी।
वहीं, महिला थाने पहुंचकर विवाद की सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बॉयफ्रेंड का शव फर्श पर पड़ा हुआ था और पिता-बेटे मौके से फरार थे। हालांकि, पुलिस ने आरोपी पिता-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति कवर्धा में हेडमास्टर है। एक हफ्ते पहले ही परिवार बिलासपुर शिफ्ट हुआ था। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, शिवकुमार कामले (49) सहसपुर लोहारा, सिंगारपुर (कवर्धा) स्थित मिडिल स्कूल में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ है। जबकि पत्नी रीना कामले का मुंगेली के रहने वाले दावेंद्र बघेल (27) से अफेयर चल रहा था। यह बात शिवकुमार को पता था।
करीब एक हफ्ते पहले ही कामले पत्नी, 2 बेटियों और बेटे के साथ सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के मकान नंबर 106 में शिफ्ट हुआ था। शनिवार सुबह करीब 9 बजे शिव कामले अपने बेटे के साथ ड्राइंग रूम में बैठा था।
इसी दौरान उसका पत्नी से लगातार विवाद हो रहा था। शिवकुमार अपनी पत्नी को दावेंद्र बघेल को घर बुलाने के लिए कहा। पति के कहने पर रीना ने दावेंद्र को फोन किया। जब दावेंद्र घर पहुंचा तो उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। दोपहर के समय महिला को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी।
वह सकरी थाने पहुंची और घर में चल रही घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उमेश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो दावेंद्र की लाश फर्श पर पड़ी मिली, जबकि पिता और बेटा वहां से फरार थे।
महिला ने बॉयफ्रेंड के रिश्तेदारों को बुलाया
बताया जा रहा है दावेंद्र के जीजा और चाचा को रीना ने खुद मामले की जानकारी दी। इसके बाद उनकी मौजूदगी में एफएसएल टीम ने जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेजा गया।
इधर पुलिस रिपोर्ट में सामने आई कहानी के मुताबिक राम्हेपुर, गोंड़खाम्ही निवासी जितेंद्र कुमार बघेल (32) ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई दावेंद्र सुबह 9 बजे घर से अपनी बाइक (सीजी 28 यू 9811) से बिना बताए निकला था।
दोपहर करीब 3 बजे उसके मौसी के लड़के मंजीत रात्रे ने मोबाइल पर सूचना दी कि ग्राम सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की रहने वाली रीना कामले नाम की महिला ने बताया कि दावेंद्र दोपहर में उनके घर आया था।
उस समय उनके पति शिवकुमार कामले और उनका बेटा मिलकर दावेंद्र को ऊपर के कमरे में बंद कर मारपीट कर रहे हैं। रीना ने यह भी बताया कि पिता और बेटे ने नीचे के दरवाजे पर ताला लगा दिया है और वे उसे जान से मार डालेंगे।
2 साल पहले छोटी बहन की शादी में हुई थी पहचान
आरोपी शिवकुमार ने पूछताछ में बताया कि पत्नी रीना का करीब 2 साल पहले छोटी बहन के वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान दावेंद्र से संपर्क हुआ था और तभी से दोनों का अफेयर चल रहा था। मृतक दावेंद्र बघेल कैटरिंग का काम करता था।
बॉयफ्रेंड दूसरा सिम लेकर पहुंच गया
आरोपी के अनुसार एक महीने पहले उसे अफेयर की जानकारी हुई थी, जिसके बाद उसने अपनी पत्नी को दावेंद्र से संपर्क रखने से मना किया और उसका सिम तोड़कर फेंक दिया। शनिवार को दावेंद्र दोपहर करीब 12 बजे रीना कामले को सिम देने के लिए सैदा आया, जिसे शिवकुमार कामले ने देख लिया।
सुतली और मोबाइल केबल से गला घोंटकर हत्या
इसके बाद शिवकुमार कामले ने दावेंद्र को घर बुलवाया। समझाइश देने के दौरान दावेंद्र नहीं माना और विवाद बढ़ गया। हाथापाई के दौरान शिवकुमार कामले और उसके बेटे ने मिलकर प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल केबल तार से दावेंद्र का गला घोंटकर और दबाकर हत्या कर दी।




