सुशासन तिहार 2026 : शराब बोतलों पर CM और मंत्री की फोटो लगाने की मांग

सुशासन तिहार 2026 : तखतपुर: छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार मनाया जा रहा है, जहां लोग अपनी समस्याओं के निवारण के लिए पहुंच रहे हैं. इस बीच बिलासपुर जिले के तखतपुर नगर पालिका में शुक्रवार को लगे सुशासन तिहार में एक अनोखी मांग सामने आई, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. एक युवक ने शराब की बोतल में अन्य सरकारी योजनाओं की तरह मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की फोटो लगाने की मांग की है.

जानकारी के मुताबिक, तखतपुर नगर पालिका के वार्ड 12 हाई स्कूल में शुक्रवार को सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में अनोखा मामला सामने आया है. ग्रामीण परमेश्वर सिंह ठाकुर ने मांग की है कि शासन की विभिन्न योजनाओं और सामग्रियों में मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी तरह शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की फोटो लगाई जानी चाहिए.
सुशासन तिहार शिविर में दिए गए इस आवेदन के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. संबंधित अधिकारियों ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि इसे नियमानुसार वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा. फिलहाल यह मांग चर्चा का विषय बनी हुई है.




