नदी की सफाई के लिए उतरे वित्त मंत्री OP चौधरी,विसर्जित गणेश प्रतिमाओं के अवशेष और कचरा निकाला

रायगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को खर्राघाट में केलो नदी की सफाई और घाट विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी खुद नदी में उतरे और विसर्जित गणेश प्रतिमाओं के अवशेष और कचरा बाहर निकाला। इसी के साथ उन्होंने नदी को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है। यह शहर का महत्वपूर्ण जलस्रोत भी है। इसे स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है। केवल एक दिन सफाई करने से स्वच्छता कायम नहीं रह सकती। इसके लिए लगातार प्रयास और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नदी में डुबकी लगाकर केलो नदी को नमन भी किया।
29.99 करोड़ से खर्राघाट का होगा विकास
खर्राघाट में घाट नवनिर्माण और ऑक्सीजोन विकसित करने के लिए 29.99 करोड़ रुपए की प्रशासकीय और तकनीकी स्वीकृति मिली है। कार्य की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपए है। कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी हुआ था। काम दो साल में पूरा किया जाना है। वित्त मंत्री ने कहा कि इसे तय समय से पहले पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

शनि मंदिर से खर्राघाट तक 2 किमी क्षेत्र होगा विकसित
परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक करीब 2 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण और उन्नयन होगा। सड़क के साथ नाली, पैदल पथ और नदी तट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पचरी घाट का नवीनीकरण होगा। इसे पाथवे से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। शनि मंदिर के पास तिराहे का चौड़ीकरण कर यातायात व्यवस्था भी सुधारी जाएगी।
8.50 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन
खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। यहां सघन पौधरोपण, पार्किंग, पाथवे, घाट, व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं होंगी। ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास यानी बॉक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। उन्होंने पांच साल में 10 से ज्यादा ऑक्सीजोन विकसित करने का लक्ष्य बताया।
घाट के साथ मॉर्निंग और नाइट वॉक की सुविधा
वित्त मंत्री ने कहा कि खर्राघाट का विकास सिर्फ घाट के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा। यहां मॉर्निंग वॉक, नाइट वॉक, जिम और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान विकसित किए जाएंगे।
सीएम साय मौसम खराब होने से नहीं पहुंच पाए
खर्राघाट में यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में होना था। बुधवार को मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री रायगढ़ नहीं पहुंच पाए। इसके बाद गुरुवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी की मौजूदगी में स्वच्छता अभियान और विकास कार्यों की शुरुआत हुई।
सांसदों ने हरित क्षेत्र बढ़ाने पर जोर दिया
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता और विकास को साथ लेकर काम किया जा रहा है। उन्होंने केलो नदी और घाटों को रायगढ़ की पहचान का हिस्सा बताया।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखना जरूरी है। ऑक्सीजोन और हरित क्षेत्र बनने से लोगों को बेहतर वातावरण मिलेगा।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि खर्राघाट में स्वच्छता अभियान के साथ स्थायी विकास कार्य शुरू होना रायगढ़ के लिए महत्वपूर्ण पहल है। परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को बेहतर घाट, हरित क्षेत्र और घूमने के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी।
‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी लगाई गई
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी लगाई गई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों और गतिविधियों को देखा।




