साय मंत्रिपरिषद की अहम बैठक 30 सितम्बर को, महानदी भवन में जुटेंगे तमाम मंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 30 सितंबर को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। कैबिनेट में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और फैसले होने की संभावना है। इनमें प्रदेश में बस किराया बढ़ाने का प्रस्ताव भी शामिल है। परिवहन विभाग ने किराया बढ़ोत्तरी को लेकर प्रस्ताव तैयार किए हैं। इन्हें बैठक में मंत्रिपरिषद के सामने रखा जा सकता है।
दरअसल, प्रदेश में बस संचालक संगठन लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग उठा रहे हैं। उनका कहना है कि डीजल के दाम बढ़ने के साथ बसों के संचालन का खर्च बढ़ गया है। इसके अलावा मेंटेनेंस, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्च में भी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में मौजूदा किराए में संशोधन की मांग की जा रही है।
परिवहन विभाग ने तैयार किया प्रस्ताव
सूत्रों के मुताबिक, परिवहन विभाग ने बस किराया बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव तैयार किया है। 30 सितंबर की बैठक में इस पर मंत्रिपरिषद विचार कर सकती है। प्रस्ताव में बसों की अलग-अलग श्रेणियों और यात्रा की दूरी के हिसाब से किराए में बदलाव का प्रावधान हो सकता है। हालांकि, कैबिनेट की चर्चा के बाद इसमें संशोधन भी संभव है।



