CG News: गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होने पर किसानों में खुशी, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को गन्ना भेंटकर किया अभिनंदन

CG News: गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होने पर कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर आज बोड़ला सर्किट हाउस में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के किसानों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। किसानों ने उन्हें गन्ना भेंटकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और गन्ना उत्पादकों के हित में लिए गए निर्णय के लिए बधाई देते हुए आभार जताया।
किसानों ने कहा कि गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होने से जिले के गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इससे खेती की लागत निकालने में मदद मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गन्ने का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों का उत्साह बढ़ेगा तथा गन्ने की खेती को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

किसानों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत से तैयार की गई फसल का उचित मूल्य मिलना किसानों के लिए बहुत जरूरी है। गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल होना गन्ना उत्पादकों के लिए राहत और खुशी का विषय है।
बोड़ला सर्किट हाउस में हुए स्वागत कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ कवर्धा के जिला उपाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष पंकज वर्मा सहित किसान विनोद वर्मा, महेश वर्मा, टीकाराम साहू, तुलश धुर्वे, प्रदुम्न वर्मा और रामफल वर्मा मौजूद रहे। सभी किसानों ने उप मुख्यमंत्री को गन्ना भेंटकर स्वागत किया और किसानों के हित में लिए गए निर्णय के लिए धन्यवाद दिया।




