बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के खैरा में रहने वाली महिला को कॉपर टी लगाने से हुए इनफेक्शन से मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट में अस्थि लेने गए परिजनों को अस्थियों के बीच सर्जिकल ब्लेड मिला। परिजनों ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक खैरा निवासी तिहारू केवट रविवार को अपने रिश्तेदार व ग्रामीणों के साथ तारबाहर थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया, कि उनकी पत्नी हेमलता केवट को प्रसव पीड़ा होने पर बीते 6 अप्रैल को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था।
डिलीवरी के 2 दिनों के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया, महीने भर बाद पेट में दर्द होने पर दोबारा जिला अस्पताल लाया गया। सोनेग्राफी जांच में यह बात सामने आई, कि हेमलता को कॉपर टी लगाया गया था, इसकी जानकारी उसे अस्पताल के कर्मचारियों ने नहीं दी थी।
कॉपर टी के कारण उसके पेट में इंफेक्शन हो गया है। हेमलता की तबियत बिगडऩे पर उसे बीते 13 नवंबर को सिम्स में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने उसका आपरेशन किया, लेकिन शाम को उसकी मृत्यु हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों पर बिना सूचना दिए कॉपर टी लगाने के कारण इनफेक्शन होने का आरोप लगाते हुए शिकायत पुलिस से की गई थी।
हेमलता का पोस्टमार्टम किया गया था। गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया। शनिवार को श्मशान घाट में अस्थि चुनने गए परिजनों को अस्थियों के बीच जला हुआ सर्जिकल ब्लेड मिला।
जिला अस्पताल व सिम्स के डॉक्टरों पर ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में सर्जिकल ब्लेड छोडऩे के कारण हेमलता की मौत होने का आरोप लगाते हुए तिहारू और परिजनों ने मामले में अपराध दर्ज करने की मांग की है। इधर पुलिस ने ब्लेड व अस्थि के एक टुकड़े को सुरक्षित रखा है। जिसकी जांच के बाद कार्रवाई की बात कही जा रही है।
यह भी देखें :
Add Comment