रांची। भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का शानदार प्रदर्शन जारी है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन उन्होंने शतक पूरा किया था, जिसे दूसरे दिन उन्होंने दोहरे शतक में बदल दिया है। इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का सर्वाधिक स्कोर 177 रन था।
टेस्ट क्रिकेट में बतौर ओपनर पहली सीरीज खेल रहे रोहित ने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जड़ा था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 176 रन बनाए थे, लेकिन उस समय वो दोहरे शतक से चूक गए थे।
दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज के बल्ले से 127 रन निकले थे। हालांकि रोहित शर्मा को अपना दोहरा शतक पूरा करने के लिए 40 मिनट का इंतजार करना पड़ा। जब वह 199 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे तभी लंच हो गया, जिसके बाद लंच ब्रेक से लौटने के बाद पहले ओवर में उन्होंने सिंगल लेने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे।
दूसरे सेशन का पहला ओवर लुंगी एंगिडी ने मेडन करवाया। रबाडा का दूसरा ओवर भी मेडन रहा। तीसरे ओवर में लुंगी एंगिडी की पहली गेंद को रोहित ने डीप मिड विकेट के ऊपर से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाकर टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया।
रोहित शर्मा वनडे और टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और क्रिस गेल ऐसा कर चुके हैं। रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में छक्के के साथ दोहरा शतक पूरा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
यह भी काफी दिलचस्प है कि रोहित ने इस मैच में अपना शतक और दोहरा शतक छक्के से ही पूरा किया। साउथ अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ इस सीरीज में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने 500 से अधिक रन बना लिए हैं। 14 साल बाद कोई भारतीय ओपनर एक सीरीज में इस आंकडे तक पहुंच पाया।
रोहित ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय ओपनर बन गए हैं। आखिरी बार ऐसा कमाल वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने किया था। 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में सहवाग ने 500 से अधिक रन बनाए थे। विनोद मांकड, बुधि कुंदन और सुनील गावस्कर भी ऐसा कर चुके हैं। गावस्कर ने पांच बार ऐसा कमाल किया है।
रोहित शर्मा ने घर में टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ औसत के मामले में डॉन ब्रेडमैन को भी पीछे छोड़ दिया है। रोहित का औसत 99.84 है, जबकि ब्रेडमैन का औसत 98.22 का रहा।
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो बार 150 से अधिक रन की पारी खेलने वाले पहले भारतीय ओपनर भी बन गए हैं। वहीं ओवरऑल आठवें खिलाड़ी बन गए। माइकल क्लार्क के बाद ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। क्लार्क ने 2012-2013 में ऐसा किया था।
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और अजिंक्य रहाणे (Ajinka Rahane) के इस पारी में 267 रन की साझेदारी हुई, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में भारत की तीसरी सर्वश्रेष्ठ पार्टनरशिप है। मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा के बीच पहले टेस्ट मैच में 317 रन की हुई पार्टनरशिप सर्वश्रेष्ठ है। इसके बाद 2008 में राहुल द्रविड और वीरेंन्द्र सहवाग के बीच 268 रन की पार्टनरशिप है।
यह भी देखें :
बड़ी खबर: भारतीय सेना ने PoK में टेरर कैंप्स पर बोला धावा…पाकिस्तानी सेना के पांच जवानों की मौत!…
Add Comment