रायपुर। इस दीवाली गौठान के गोबर के दीयों से रोशन होगा सीएम हाऊस। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बस्तर प्रवास से लौटने के बाद दीपावली की खरीदी करने सीधे राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब पहुंचे।
यहां परिक्रमा पथ पर छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन-बिहान और देवभोग के स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों में छत्तीसगढ़ के कुम्हारों, हस्तशिल्पियों, स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं अन्य कारीगरों द्वारा बनाये गए दीये, सजावट की वस्तुएं, उपहार, छत्तीसगढ़ी व्यंजन सहित अन्य सामग्रियां प्रदर्शन और विक्रय के लिए रखी गयी हैं।.
बिहान के स्टॉल में महिला समूहों द्वारा गौठानों के गोबर से बनाए गए दीये और अन्य सजावटी वस्तुएं खरीददारी के लिए उपलब्ध हैं। बघेल ने यहां पहुंचकर दीपावली के लिए मिट्टी और गौठानों के गोबर से बने दीये, देवभोग द्वारा उत्पादित मिठाइयां तथा दूध से बनी अन्य सामग्री एवं महिला समूहों द्वारा तैयार छत्तीसगढ़ी व्यंजन के साथ अन्य वस्तुओं की खरीदी की।
उन्होंने महिला समूहों और कारीगरों से सामग्रियों के निर्माण के सबंध में जानकारी भी ली और उनका उत्साहवर्धन किया । मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पाटन के कुम्हारों द्वारा निर्मित 5 हजार दीये भी उपस्थित लोगों को वितरित किये।
यह भी देखें :
Add Comment