रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनचौपाल-भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में एक बार फिर से मुख्यमंत्री आम नागरिकों से प्रत्यक्ष मुलाकात कर उनकी समस्या का निवारण कर रहे हैं। जनचौपाल में शामिल हुए प्रदेश के कोने-कोने से नागरिक मुख्यमंत्री निवास पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री निवास में प्रत्येक बुधवार को आयोजित जनचौपाल, भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के दूर-दराज इलाकों से पहुंचे नागरिकों ने बताया कि मुख्यमंत्री से प्रत्यक्ष मुलाकात व अपनी समस्याओं से अवगत कराने वे सुबह से कतार में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री भी निरंतर प्रत्येक नागरिक से प्रत्यक्ष मुलाकात कर उनकी समस्याओं से अवगत हो रहे हैं। साथ ही साथ वे संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के निवारण के लिए निर्देशित भी करते जा रहे हैं।
सुबह करीब 11 बजे तक मुख्यमंत्री निवास के बाहर हजारों की संख्या में नागरिक कतारबद्ध होकर अपने बारी का इंतजार कर रहे थे। यहां पहुंचे कई नागरिक राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए लंबे समय से शासकीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।
एक नागरिक ने बताया कि उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा आपसी सहमति से काफी पहले हो चुका है। वो अपने हिस्से के मकान को तोड़कर नया मकान बनवा चुके हैं, बावजूद इसके परिवार के अन्य सदस्य अब उसके हिस्से में निर्मित मकान में भी अपना दावा कर रहे हैं।
जबकि उनके हिस्से की संपत्ति का खसरा नंबर पृथक हो चुका है, लेकिन दस्तावेज के अपडेट न होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसी तरह एक अन्य नागरिक ने बताया कि उनकी पुत्री के इलाज के लिए उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत हैं, क्षेत्र के विधायक अपनी ओर से मदद कर चुके हैं, लेकिन उनकी पुत्री का उपचार लंबा चलेगा।
लिहाजा उन्हें आगे आर्थिक मदद की दरकार है। मुख्यमंत्री श्री बघेल मदद करेंगे इसी आश में वे यहां पहुंचे हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक यहां हजारों नागरिक मदद की आश लिए कतार में लगे हुए थे।
यह भी देखें :
Add Comment