गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में एक अजीबोगरीब फरमान सामने आया है जिसमें फैसला सुनाते हुए बिरादरी की पंचायत ने 71 भेड़ों के बदले एक शख्स को अपनी पत्नी को प्रेमी के हवाले करने का फैसला सुना दिया।
पति ने भी पंचायत के फरमान को सिर आंखों पर रखते हुए 71 भेड़ें लेकर पत्नी को प्रेमी के हवाले कर दिया। भेड़ के बदले पत्नी को प्रेमी को सौंपने के पंचायत का यह अनोखा फरमान चर्चा का विषय बन गया है। यह अजीबोगरीब मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का है।
गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र के एक गांव में एक महिला की कीमत 71 भेड़ों से लगा दी गई। इस पर दोनों पक्ष राजी भी हो गए और महिला प्रेमी के साथ चली भी गई। उसके बाद प्रेमी के पिता ने भेड़ों की वापसी के लिए महिला को लौटाने की बात कही है। जब मामला पुलिस तक पहुंचा, तो वह भी सन्न रह गई।
पिपराइच इलाके में रहने वाला 22 साल का उमेश 22 जुलाई को गांव के एक महिला को लेकर भाग गया था। उसके बाद दोनों पक्ष के लोगों को थाने पर बुलाया गया। पांच दिन पहले पति और प्रेमी बेलीपार क्षेत्र के एक गांव में भेड़ चराते हुए आमने-सामने आकर विवाद कर बैठे। वह महिला भी प्रेमी के साथ थी।
दोनों के बीच विवाद के बाद बिरादरी की पंचायत बैठी। पंचों ने प्रेमी से महिला को रखने के बारे में सवाल किया, तो उसने हां में जवाब दे दिया। इसके बदले पंचायत ने उसे अपनी आधी भेड़ें महिला के पति को देने के लिए कहा।
इस पर दोनों पक्ष राजी हो गए। प्रेमी के पास कुल 142 भेड़ों में से आधी यानी 71 महिला के पति को दे दी। इसके बदले पंचायत ने महिला को प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी।
शुक्रवार को प्रेमी के पिता ने खोराबार थाने में शिकायत करते हुए कहा कि उसकी भेड़ें लौटा दी जाएं। इसके बदले वह युवक, अपनी पत्नी को ले जाए। उसने महिला के पति पर भेड़ों को चुराने का आरोप लगाया है। खोराबार पुलिस ने उन्हें पिपराइच थाने का मामला बताकर उन्हें वहीं भेज दिया।
प्रेमी के साथ गई महिला ने पति के साथ जाने से इंकार कर दिया है। प्रेमी ने भी महिला को स्वीकार कर लिया। महिला के पति ने कहा कि हमने किसी की भेड़ें नहीं चोरी की हैं। महिला के पति ने भी 71 भेड़ों के बदले पत्नी को प्रेमी के हवाले करने की बात स्वीकार की है।
इस मामले पर एसएसपी डॉ। सुनील गुप्ता ने बताया कि महिला को साथ रखने वाले युवक के पिता की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के पास से भेड़ें बरामद कर युवक के पिता को सौंप दी गई है।
मामला सही पाए जाने पर आरोपी राजेश (महिला के पति) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला और उसका प्रेमी एक साथ रहने पर राजी हैं। इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। जब इस मामले में शिकायत मिलेगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी देखें :
Add Comment