जगदलपुर। पिछले 3 दिनों से बस्तर में निरंतर हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नालों में उफान एवं बाढ़ के चलते संभाग मुख्यालय का अनेक स्थानों से सड़क संपर्क कट गया है। इंद्रावती एवं शबरी नदी डेंजर लेवल पार कर गई है। जिससे सुकमा का ओडिशा से सड़क संपर्क विच्छेद हो गया है।
गांव व कस्बे तालाब में तब्दील हो गए हैं। सड़क, गलियां, चौराहे पानी से लबालब हो गए हैं। घरों में करंट फैल गया है। दर्जनों मकान धराशायी हो गए हैं, खेत एवं गांव जलमग्र हो गए हैं। कई गांव टापू में तब्दील हो गए हैं।
विधायक रेखचंद जैन और महापौर जतीन जायसवाल आज सुबह से निगम के अमले के साथ जलमग्र बस्तियों का दौरा कर बचाव और राहत कार्य में जुटे हुए हैं।इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता हुआ डेंजर लेवल से ऊपर पहुंच गया है, जिससे इंद्रावती नदी का पुराना पुल डूब गया है।
ओडिशा से खातीगुड़ा बांध के गेट खोले जाने के बाद के हालातों से निपटने के लिए इंद्रावती नदी किनारे के रहवासियों को राहत शिविरों में ठहराया जा रहा है, प्रशासन राहत सामग्री बांटने में जुट गया है। जलस्तर बढऩे से नदी किनारे गांवों में सतर्कता बरतने की मुनादी करा दी गयी है। समूचे प्रभावित क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
निचले इलाके के गांव खाली करवाए जा रहे हैं। स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। कलेक्टर अय्याज भाई ताम्बोली एवं विधायक रेखचंद जैन स्वयं बाढ़ की स्थिति का जायजा ले रहे हैं, साथ ही राहत व बचाव कार्य बगैर किसी रूकावट के जारी रखने का निर्देश दिया है।
बस्तर की प्रमुख नदी शबरी नदी भी वार्निंग लेवल पार कर गयी है। झापरा पुल पानी में डूब गया है। पुल के तीन फीट ऊपर पानी बह रहा है, जिससे सुकमा से उड़ीसा जाने वाले मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। शबरी के किनारे बसे बाशिंदों को आवास खाली करने के निर्देेश दे दिए गए हैं।
सुकमा जिले में दंतेवाड़ा मार्ग पर स्थित गादीरास में मलगेर नदी का पानी अपनी सीमाएं लांघते हुए विगत 36 घंटो से पुल के ऊपर बह रहा है, जिससे गादीरास का 10 पंचायतों से सड़क संपर्क भंग हो गया है। संकनी-डंकनी नदियों एवं उनकी सहायक नदियों का जल स्तर भी वार्निग लेवल फलांगने को मचल रहा है।
बीजापुर जिला मुख्यालय से आंध्रप्रदेश मार्ग पर तारलागुड़ा में पुल पर बाढ़ का पानी दूसरे दिन भी पुल से ऊपर बह रहा है, जिससे पुल के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई है। इधर बीजापुर से बासागुड़ा मार्ग पर तालपेरू नदी का पानी पुल पर से 4 फीट ऊपर बह रहा है, जिससे इस मार्ग पर भी कल से यातायात ठप है।
शहर के निचले हिस्सों संजय बाजार चौक, धरमपुरा मार्ग पर कई स्थानों के अलावा अम्बेडकर वार्ड, भैरमदेव वार्ड, विजय वार्ड, शिवमंदिर वार्ड में बुरी तरह से पानी भर हुआ है। निर्मल स्कूल, दीप्ति कान्वेंट, हम एकेडमी समेत दर्जन भर स्कूलों में तेज बारिश के कारण बच्चों को छुट्टी दे दी गयी।
शहर एवं आसपास के गांवों में दर्जन भर से ज्यादा कच्चे मकान ढह गए हैं। इस दौरान हालांकि किसी जनहानि की खबर नहीं है। संभाग मुख्यालय के रियासतकालीन जगन्नाथ मंदिर की छत में रिसाव से गर्भगृह में पानी भर गया है और मूर्तियां भीग रही हैं।
यह भी देखें :
Add Comment