कोरबा। कोरबा और धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में कई लोगों की जान लेने के साथ संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले दंतैल हाथी गणेश पर किसी तरह नियंत्रण कर लिया गया। फिर भी समस्या थमी नहीं है।
हाथियों के झूंड ने बीती रात एक बालिका पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वहीं उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सरकारी अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
बीती रात 8.30 बजे यह घटना बोरो परिक्षेत्र के छालहा रूआंफूल परिसर में हुई। यहां 9 हाथियों का समूह मौजूद है। खबरों के मुताबिक हाथियों ने बिरहोर पारा में अपना कारनामा किया। यहां से हाथियों के गुजरने के दौरान लोगों ने शोर मचाया तो समूह अन्य क्षेत्र में जा पहुंचा।
बताया गया कि आउटर पर स्थित एक मकान में निवासरत परिवार की 5 वर्षीय बालिका प्रमिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। बालिका के पिता करमू और मां गुरूवारी भी हाथी के हमले का शिकार हुए। उन्हें गंभीर चोटे आई। किसी तरह उन्होंने यहां से भाग कर जान बचाई।
जिस तरह की जानकारी मिली है, उसके मुताबिक उक्त लोग एकाएक हाथी के सामने आ गए। वे जोखिम भरी स्थिति से बचने अन्यत्र जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। पहुंचविहिन क्षेत्र होने के कारण यहां पर 108 संजीवनी 4 पहिया वाहन नहीं पहुंच सका।
रात में ट्रैक्टर की व्यवस्था होने पर घायलों को किसी तरह मुख्य गांव रूंआफूल लाया गया। वहां से 108 के जरिये उन्हें सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ भिजवाया गया, जहां उपचार जारी है।
यह भी देखें :
Add Comment