जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शुक्रवार सुबह हुई मुठभेड़ में 5 लाख का ईनामी एक वर्दीधारी नक्सली हुंगा मारा गया। जो कि भीमा मंडावी की हत्या का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। मौके से पुलिस ने एक बंदूक बरामद की है। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में और भी नक्सली मारे गए हैं या फिर घायल हुए हैं।
कटेकल्याण थाने से संयुक्त पुलिस बल गश्त सर्चिंग के लिए रवाना हुआ था। ग्राम डब्बाकोंटा के निकट जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फौरन मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की।
लगभग एक घंटे की मुठभेड़ बाद अंतत: नक्सली घने जंगल और पहाड़ी की आड़ लेकर भाग गए। मौके से एक वर्दीधारी नक्सली का शव बरामद किया गया है, जिसकी मलांगिर एरिया कमेटी के सदस्य हुंगा के रूप में शिनाख्त की जा रही है। घटनास्थल की सर्चिंग के दौरान एक 303 बंदूक एवं भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की वस्तुएं जब्त की गई हैं।
बस्तर आईजी विवेकानंद सिंहा ने बताया कि मुठभेड़ स्थल पर मौजूद परिस्थितिजन्य साक्ष्य, खून के धब्बे एवं घसीटे जाने के निशान से यह साबित होता है कि कम से कम 3 नक्सली मारे गए हैं और कई लहुलूहान हुए हैं, साथियों के शव नक्सली अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे।
यह भी देखें :
Add Comment